चमोली : नारायणबगड़ में अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों का डीएम ने किया निरीक्षण, जल निकासी दुरुस्त करने के निर्देश

Team PahadRaftar

मुख्य बाजार, विद्यालय और कौलुसैंण नाले का लिया जायजा, राहत व सफाई कार्यों में तेजी लाने को कहा

गिरीश चंदोला नारायणबगड़। हाल ही में हुई अतिवृष्टि से प्रभावित नारायणबगड़ क्षेत्र का मंगलवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने राहत, पुनर्स्थापन और सफाई कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी कार्य पूरे करने और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने मुख्य बाजार का निरीक्षण कर मलबा हटाने और जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शेष स्थानों पर सफाई कार्य में तेजी लाने तथा भविष्य में ऐसी स्थिति से बचाव के लिए स्थायी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद डीएम ने राजकीय इंटर कॉलेज नारायणबगड़, छात्रावास और प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय परिसरों में सुरक्षा, स्वच्छता और आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

डीएम ने कौलुसैंण नाले का भी निरीक्षण किया और जल प्रवाह में बाधा बन रहे अवरोधों को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से नाले के लिए दीर्घकालिक समाधान तैयार करने को भी कहा।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने मुख्य बाजार में प्रभावित व्यापारियों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।

इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदौला, उपजिलाधिकारी यशवीर सिंह रावत, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी, जिला शिक्षा अधिकारी पंकज उप्रेती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

बदरीनाथ : चढ़ावा हेराफेरी प्रकरण : बीकेटीसी के वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल निलंबित

प्रारंभिक जांच में अनियमितता की पुष्टि, जांच पूरी होने तक ज्योतिर्मठ कार्यालय से किया संबद्ध बदरीनाथ धाम/ऋषिकेश। बदरीनाथ धाम में चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले में श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। […]

You May Like