देहरादून : मौसम अलर्ट के चलते चारधाम यात्रा 27 तक स्थगित

Team PahadRaftar

26 सितंबर की दोपहर से यात्रा पर रोक, यात्रियों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील

केएस असवाल

देहरादून। प्रदेश में खराब मौसम के पूर्वानुमान और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए चारधाम यात्रा 27 सितंबर तक स्थगित कर दी गई है। 26 सितंबर की दोपहर से 27 सितंबर तक बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा पर रोक रहेगी। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।

मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के पूर्वानुमान और राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के निर्देश के बाद यात्रा स्थगित की गई। प्रदेश में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मौसम सामान्य होने तक यात्रा न करने की अपील की है।

यात्रा मार्ग में मौजूद श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम की ताजा स्थिति पर नजर रखने की भी अपील की है।

यात्रियों के लिए जरूरी निर्देश

• मौसम सामान्य होने तक चारधाम यात्रा के लिए आगे न बढ़ें।
• यात्रा मार्ग में हैं तो प्रशासन की सलाह के अनुसार सुरक्षित स्थान पर रहें।
• भारी बारिश के दौरान नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें।
• मौसम खराब होने पर अनावश्यक आवाजाही से बचें।
• यात्रा दोबारा शुरू होने की आधिकारिक सूचना के बाद ही आगे बढ़ें।

मौसम सुधरने पर जारी होगी सूचना

प्रशासन के अनुसार मौसम सामान्य होने पर चारधाम यात्रा दोबारा शुरू करने के संबंध में अलग से सूचना जारी की जाएगी। यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले प्रशासन की आधिकारिक सूचना की पुष्टि करने को कहा गया है।

Leave a Reply

You May Like