
अतिक्रमण हटाओ अभियान में लाई जाए तेजी : डीएम
सरकारी भूमि पर कब्जे और भू-कानून उल्लंघन के मामलों में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश
जसपाल संवाददाता, पौड़ी : जनपद में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान को और प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा भू-कानून उल्लंघन से जुड़े निस्तारित मामलों में भूमि पर वास्तविक कब्जा दिलाने की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्व में चिन्हित किए गए जिन अतिक्रमणों को अब तक नहीं हटाया गया है, उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की जिम्मेदारी केवल राजस्व और पुलिस विभाग की नहीं, बल्कि सभी संबंधित विभागों की है। नए चिन्हित अतिक्रमणों के विरुद्ध भी नियमानुसार नोटिस जारी कर कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में भी अभियान को गति देने पर जोर देते हुए कहा कि सुनियोजित रणनीति और पर्याप्त संसाधनों के साथ कार्रवाई की जाए। ऐसे अतिक्रमणों को प्राथमिकता दी जाए, जिन पर शीघ्र कार्रवाई संभव हो। सार्वजनिक स्थलों, सरकारी भूमि और सड़कों पर लगाए गए अवैध बोर्ड, होर्डिंग्स तथा अन्य अवरोधों को भी हटाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक क्षेत्र में अतिक्रमण का चिन्हीकरण और उसे हटाने की कार्रवाई समानांतर रूप से जारी रखी जाए। उन्होंने एक क्षेत्र को मॉडल क्षेत्र के रूप में विकसित कर वहां शत-प्रतिशत अतिक्रमण हटाने का लक्ष्य निर्धारित करने को कहा। साथ ही नदी, नालों और गदेरों के किनारे किए गए अतिक्रमणों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी विभागों को प्रत्येक शुक्रवार को साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भू-कानून उल्लंघन से संबंधित जिन मामलों का निस्तारण हो चुका है, उनमें आदेश पारित होने के बाद भूमि पर वास्तविक कब्जा दिलाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। राजस्व अभिलेखों के अनुरूप भूमि की स्थिति बहाल करने के लिए विशेष अभियान चलाने को भी कहा गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर उसका संरक्षण और जनहित में उपयोग सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अभियान को और प्रभावी बनाएं तथा लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान, क्षेत्राधिकारी तपेश कुमार चंद, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग विवेक सेमवाल, एसडीओ वन आयशा बिष्ट, जिला खनन अधिकारी अंकित मुयाल, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका पौड़ी संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
