गौचर में शान से मना स्वतंत्रता दिवस, प्रभात फेरी में गूंजे भारत माता के जयकारे
केएस असवाल, गौचर। चमोली जिले के गौचर नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। रिमझिम बारिश के बीच विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरी निकाली। हाथों में देशभक्ति संदेश लिखी तख्तियां लिए बच्चे भारत माता के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। इससे पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत नजर आया।

प्रभात फेरी के बाद विभिन्न विद्यालयों और संस्थानों में ध्वजारोहण किया गया। देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया गया। विद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर देशभक्ति का संदेश दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इन संस्थानों में हुए कार्यक्रम
गौचर नगरपालिका परिषद, व्यापार संघ, सिविल सेवा निवृत्त कर्मचारी संगठन, रानीगढ़ गौरव सैनिक संगठन, उपभोक्ता सहकारी समिति और बहुउद्देशीय सहकारी समिति समेत विभिन्न संस्थाओं में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए गए। राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय पालिटेक्निक और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान गौचर में भी ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रम हुए।
ग्रामीण विद्यालयों में भी दिखा उत्साह
बमोथ स्थित जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जूनियर हाईस्कूल रानो, सूगी, झिरकोटी, सिरण, बौंला श्रीकोट, सिन्द्रवाड़ी और दुवा समेत आसपास के विद्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेकर सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों, शिक्षकों, व्यापारियों और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल सहित गौरव सैनिक संगठन और सेवानिवृत्त कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों ने वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
