
खराब मौसम से राहुल गांधी का पौड़ी दौरा रद्द, वर्चुअल संवाद में बोले- सत्ता में आए तो खत्म करेंगे अग्निवीर योजना
जसपाल संवाददाता, पौड़ी : खराब मौसम के चलते कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष का गुरुवार को प्रस्तावित पौड़ी दौरा रद्द हो गया। कंडोलिया मैदान में आयोजित पूर्व सैनिक संवाद कार्यक्रम में उनके शामिल होने की तैयारी पूरी कर ली गई थी, लेकिन मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण वह पौड़ी नहीं पहुंच सके। इससे कार्यक्रम में पहुंचे कार्यकर्ताओं और समर्थकों में मायूसी देखने को मिली।![]()
राहुल गांधी ने वर्चुअल माध्यम से पूर्व सैनिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वह उत्तराखंड के लोगों से सीधे मिलकर उनकी समस्याएं सुनना चाहते थे, लेकिन खराब मौसम के कारण यह संभव नहीं हो पाया। उन्होंने जनता से क्षमा मांगते हुए जल्द दोबारा उत्तराखंड आने का भरोसा दिया।
वर्चुअल संबोधन के दौरान राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने पर अग्निवीर योजना को समाप्त करेगी। उन्होंने योजना को युवाओं के साथ अन्याय बताते हुए आरोप लगाया कि इससे सेना में लंबे समय तक रोजगार के अवसर प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं में इस योजना को लेकर असंतोष है और कांग्रेस उनकी भावनाओं के साथ खड़ी है।
राहुल गांधी ने अंकिता भंडारी प्रकरण का भी जिक्र किया। उन्होंने वीडियो कॉल के माध्यम से अंकिता के माता-पिता से बातचीत कर उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि अंकिता का परिवार जब चाहे उनसे मिल सकता है।
दौरा रद्द होने के बाद राहुल गांधी ने वीडियो संदेश जारी कर उत्तराखंड की जनता से खेद जताया और जल्द ही राज्य का दौरा करने की बात कही। राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जा रहे इस कार्यक्रम के स्थगित होने के बाद अब कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनके अगले उत्तराखंड दौरे का इंतजार रहेगा।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री , सुरेंद्र सिंह नेगी, सैनिक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्नल यशवीर चौधरी, कांग्रेस के सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा तथा प्रतापनगर विधायक एवं कार्यक्रम संयोजक सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
सुबह से जुटने लगे थे कार्यकर्ता
कंडोलिया मैदान में आयोजित कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह था। सुबह से ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने लगे थे। हालांकि मौसम खराब होने के कारण राहुल गांधी का दौरा रद्द होने से उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा।

