ऊखीमठ : 36 घंटे से मूसलाधार बारिश, केदारघाटी में जनजीवन प्रभावित

Team PahadRaftar

तापमान गिरने से बढ़ी ठंड, फसलों पर भी मंडराया संकट; बनातोली में मोरखमा नदी उफान पर, अस्थायी पुल पर खतरा

लक्ष्मण नेगी, ऊखीमठ। केदारघाटी समेत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पिछले 36 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार बारिश से तापमान में गिरावट आने के साथ ठंड बढ़ गई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम खराब बना हुआ है। इसका असर केदारनाथ यात्रा पर भी पड़ा है और यात्रा पड़ावों पर तीर्थयात्रियों की आवाजाही कम हो गई है।

लगातार बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों में काश्तकारों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में तैयार और पकने की कगार पर पहुंची फसलों पर बारिश का असर पड़ रहा है। कई स्थानों पर खेतों में पानी भरने और लंबे समय तक नमी बने रहने से फसलों को नुकसान की आशंका है। काश्तकार बलवीर राणा ने बताया कि मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहा तो कृषि उत्पादन प्रभावित हो सकता है।

यात्रा कारोबार पर भी असर

बारिश का असर केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भी देखने को मिल रहा है। गौरीकुंड से केदारनाथ तक विभिन्न पड़ावों पर तीर्थयात्रियों की चहल-पहल कम होने से कारोबार प्रभावित हुआ है। घोड़े-खच्चर संचालकों, दुकानदारों और यात्रा से जुड़े अन्य व्यवसायियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

मोरखमा नदी का जलस्तर बढ़ा

द्वितीय केदार मदमहेश्वर यात्रा के आधार शिविर बनातोली में लगातार बारिश से मोरखमा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। नदी का बहाव तेज होने से यहां बनाया गया अस्थायी लकड़ी का पुल खतरे की जद में आ गया है। पुल के आसपास नदी का जलस्तर बढ़ने से स्थानीय लोगों और यात्रा से जुड़े लोगों की चिंता बढ़ गई है।

प्रधान अनूप पंवार ने बताया कि बनातोली मदमहेश्वर यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है। यहां से आगे यात्रियों की आवाजाही होती है। नदी का जलस्तर और बढ़ने पर अस्थायी पुल को नुकसान पहुंचने की आशंका है।

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बढ़ी ठिठुरन

लगातार बारिश के कारण केदारनाथ, मदमहेश्वर सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है। बारिश से सड़क और पैदल मार्गों पर आवाजाही भी प्रभावित हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग आवश्यक कार्य होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। लगातार बिगड़े मौसम ने तीर्थयात्रियों के साथ स्थानीय लोगों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : सम्मेलन में सहयोग के लिए पत्रकार संघ ने जताया आभार

25 सितंबर को गौचर में हुए जनपदीय सम्मेलन के आय-व्यय पर हुई चर्चा, बदरीनाथ में डीजे और फूहड़ कार्यक्रम पर जताई नाराजगी पहाड़ रफ्तार, गौचर। भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ की जिला इकाई की बैठक में 25 सितंबर को गौचर में आयोजित जनपदीय सम्मेलन की समीक्षा की गई। संघ के जिलाध्यक्ष […]

You May Like