चमोली : स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रभक्ति से सराबोर होगा चमोली, तैयारियों में जुटा प्रशासन

Team PahadRaftar

प्रभात फेरी, क्रॉस कंट्री रेस और स्वच्छता अभियान के साथ मनाया जाएगा राष्ट्रीय पर्व

केएस असवाल गोपेश्वर। स्वतंत्रता दिवस को भव्य, गरिमामय और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शुक्रवार को जिला सभागार में जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में समारोह की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के सम्मान और गौरव का प्रतीक है। इसलिए सभी सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक भवनों में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान और अन्य कार्यक्रम राष्ट्रीय ध्वज संहिता के अनुरूप आयोजित किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों से कार्यक्रमों को अनुशासित और प्रभावी ढंग से संपन्न कराने को कहा।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 अगस्त की सुबह शिक्षा विभाग के नेतृत्व में प्रभात फेरी निकाली जाएगी। वहीं वन विभाग और ग्राम्य विकास विभाग जनपदभर में जल संरक्षण एवं जल संवर्धन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम और श्रमदान अभियान चलाएंगे। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और राज्य आंदोलनकारियों के परिजनों को भी समारोह में सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया जाएगा।

इसके अलावा क्रीड़ा विभाग को 14 अगस्त को क्रॉस कंट्री रेस आयोजित करने की जिम्मेदारी दी गई है। स्वतंत्रता दिवस से पहले और उसके अवसर पर सभी विभाग सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाएंगे।

बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, परियोजना निदेशक आनंद कुमार, उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव पाल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Next Post

गौचर : ₹2.14 करोड़ की पार्किंग बनी शोपीस, हाईवे किनारे वाहन खड़े करने को मजबूर लोग

₹2.14 करोड़ की पार्किंग बनी शोपीस, हाईवे किनारे वाहन खड़े करने को मजबूर लोग केएस असवाल गौचर। नगर पालिका गौचर में करीब 2.14 करोड़ रुपये की लागत से बनी पार्किंग आम लोगों के किसी काम नहीं आ रही है। अप्रैल माह में जिला प्राधिकरण को हस्तांतरित होने के बावजूद पार्किंग […]

You May Like