पौड़ी में गर्मियों में भी उग रहा बटन मशरूम, स्थानीय महिलाओं को मिला रोजगार
जसपाल नेगी पौड़ी : जनपद में पहली बार गर्मियों के मौसम में भी बटन मशरूम का उत्पादन शुरू हो गया है। ग्राम्य विकास विभाग की ग्रामोत्थान परियोजना के तहत विकासखंड पौड़ी में स्थापित “हिलांस मशरूम इकाई” में बेमौसमी बटन मशरूम की सफल खेती की जा रही है। इससे स्थानीय बाजार में ताजा और केमिकल-फ्री मशरूम उपलब्ध हो रहा है, वहीं ग्रामीण महिलाओं को रोजगार भी मिला है।
परियोजना के तहत विभाग के अनुपयोगी भवन को आधुनिक मशरूम उत्पादन इकाई में बदला गया है। यूनिट में दो उत्पादन केंद्र बनाए गए हैं। पहली यूनिट में लगाए गए 500 मशरूम बैग से उत्पादन शुरू हो चुका है और प्रतिदिन मशरूम की हार्वेस्टिंग कर बाजार में आपूर्ति की जा रही है।
परियोजना प्रबंधक कुलदीप बिष्ट ने बताया कि पौड़ी की ठंडी जलवायु के कारण गर्मियों में भी बटन मशरूम उत्पादन संभव हो पाया है। उन्होंने बताया कि शीतकाल में यहां शिटाके मशरूम उत्पादन की भी तैयारी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि स्थानीय होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग व्यवसायियों से मशरूम की अच्छी मांग मिल रही है। सुबह तोड़े गए मशरूम उसी दिन उपभोक्ताओं तक पहुंचाए जा रहे हैं। इससे बाहरी बाजारों से आने वाले मशरूम पर निर्भरता भी कम हो रही है।
इस परियोजना से दो स्थानीय महिलाओं को नियमित रोजगार मिला है। महिलाएं मशरूम उत्पादन से लेकर पैकेजिंग तक का कार्य संभाल रही हैं।
परियोजना प्रबंधन के अनुसार 5 मई से अब तक करीब 245 किलो मशरूम की बिक्री हो चुकी है। आगामी 70 से 75 दिनों में 1100 से 1200 किलो उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। वहीं 25 मई से दूसरी यूनिट में 700 अतिरिक्त मशरूम बैग लगाए जाएंगे, जिससे पूरे साल उत्पादन जारी रखा जा सकेगा।
