
मानसून के बाद यात्रा ने पकड़ी रफ्तार, श्राद्ध पक्ष में और बढ़ेगी श्रद्धालुओं की आमद
संजय कुंवर बदरीनाथ। मानसून की बेरुखी और खराब मौसम के बीच कुछ समय के लिए धीमी पड़ी चारधाम यात्रा अब एक बार फिर रफ्तार पकड़ने लगी है। मौसम के खुलते ही भू-वैकुंठ बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की चहल-पहल बढ़ गई है। बुधवार को बदरीपुरी में करीब 4500 श्रद्धालुओं ने भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए। इसके साथ ही कपाट खुलने से अब तक धाम पहुंचकर दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 17 लाख के पार पहुंच गई है।

बुधवार को बदरीनाथ धाम का मौसम सुहावना रहा। आसमान साफ होने के साथ ही धाम में दिनभर तीर्थ यात्रियों की आवाजाही बनी रही। मंदिर परिसर से लेकर बदरीपुरी के बाजारों तक श्रद्धालुओं की चहल-पहल दिखाई दी। मौसम अनुकूल होने से यात्रा मार्ग पर भी यात्रियों की आवाजाही बढ़ी है।
श्राद्ध पक्ष में बढ़ेगी यात्रियों की संख्या
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती के मुताबिक, आने वाले दिनों में श्राद्ध पक्ष के दौरान बदरीनाथ धाम में तीर्थ यात्रियों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। श्राद्ध पक्ष में देश के विभिन्न हिस्सों के साथ ही विदेशों से भी श्रद्धालु बदरीनाथ पहुंचते हैं।
श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन-पूजन के साथ अपने पूर्वजों और पितरों के निमित्त ब्रह्मकपाल तीर्थ में तर्पण, पिंडदान और अन्य धार्मिक अनुष्ठान करते हैं। यही वजह है कि श्राद्ध पक्ष के दौरान बदरीनाथ धाम में तीर्थाटन का अलग महत्व रहता है।
दूसरे चरण की यात्रा के लिए तैयारियां तेज
मानसून के बाद शुरू हुए यात्रा के दूसरे चरण को लेकर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। धामों में दर्शन-पूजन व्यवस्था के साथ धर्मशालाओं और अतिथि गृहों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।
यात्रा के दूसरे चरण में मौसम के अनुकूल रहने की स्थिति में बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है। ऐसे में मंदिर समिति और स्थानीय प्रशासन के सामने बढ़ती भीड़ के बीच श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की चुनौती भी रहेगी।
फिलहाल, मौसम की करवट के साथ बदरीपुरी में एक बार फिर यात्रा का रंग दिखाई देने लगा है। मंदिर के आसपास गूंज रहे जय बदरी विशाल के जयकारे और श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही बता रही है कि चारधाम यात्रा का दूसरा चरण पूरी रफ्तार पकड़ने की ओर है।
