
संजय कुंवर जोशीमठ। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ में भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें महाविद्यालय के 50 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर पंत के जीवन, स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर विचार व्यक्त किए।
प्राचार्य प्रो. डॉ. पंकज कुमार के निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिता का संचालन नवीन पंत ने किया। विद्यार्थियों ने अपने भाषणों में पंडित पंत के राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान के साथ उत्तराखंड के प्रति उनके योगदान को भी रेखांकित किया।
प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल में हिंदी के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. किशोरी लाल रंवाटा, राजनीति विज्ञान के असिस्टेंट प्रोफेसर राजेंद्र सिंह और रसायन विज्ञान के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. विवेक रावत शामिल रहे। निर्णायकों ने विषय-वस्तु, भाषा, तर्क, प्रस्तुतीकरण और अभिव्यक्ति के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया।
बीए प्रथम सेमेस्टर की निधि ने प्रथम स्थान हासिल किया। बीएससी प्रथम सेमेस्टर की ज्योति द्वितीय और बीए तृतीय सेमेस्टर की प्रभा तृतीय स्थान पर रहीं। ईशा ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।
प्राचार्य प्रो. डॉ. पंकज कुमार ने कहा कि महापुरुषों की जयंती महज औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि उनके विचारों और आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
