चमोली : बीस साल का इंतजार, सरकारी सिस्टम से टूटी आस तो ग्रामीणों ने खुद थामे फावड़े

Team PahadRaftar

ढोल-दमाऊं की थाप के बीच सड़क निर्माण का आगाज, श्रमदान से व्यवस्था को आईना दिखा रहे पहाड़ के लोग

गिरीश चंदोला / चमोली।

पहाड़ में सड़क महज आवाजाही का साधन नहीं, बल्कि जिंदगी की सबसे बड़ी जरूरत है। यह अस्पताल तक पहुंचने की उम्मीद है, बच्चों के बेहतर भविष्य का रास्ता है और गांव को पलायन से बचाने का एक जरिया भी। लेकिन जब यही बुनियादी जरूरत दो दशक तक सरकारी फाइलों में उलझी रहे तो लोगों का भरोसा व्यवस्था से उठने लगता है। कर्णप्रयाग विकासखंड के मौली, गनोली और र्वेंठा समेत आसपास के गांवों की कहानी कुछ ऐसी ही है। बीस साल तक सड़क का इंतजार करने के बाद ग्रामीणों ने अब सरकारी मशीनरी के भरोसे बैठने के बजाय खुद फावड़े उठा लिए हैं।

बृहस्पतिवार को गांवों में एक अलग ही दृश्य देखने को मिला। ढोल-दमाऊं की थाप के बीच महिला, पुरुष और युवा सड़क कटिंग के लिए जुटे। किसी के हाथ में फावड़ा था तो कोई कुदाल लेकर पहुंचा था। यह किसी सरकारी योजना का शिलान्यास नहीं, बल्कि अपनी बुनियादी जरूरत के लिए ग्रामीणों का सामूहिक संघर्ष था। ग्रामीणों ने श्रमदान से सड़क निर्माण की शुरुआत कर व्यवस्था को यह संदेश देने की कोशिश की कि अब उनका इंतजार और लंबा नहीं हो सकता।

दो दशक से फाइलों में उलझा सड़क का सपना

कांचुला-गैन-सैंजकट्टा मोटर मार्ग की कहानी वर्ष 2006 से शुरू होती है। डोंठला, गनोली, र्वेंठा, मौली, रोलजुवाड़ी, गैन और सजंकटा गांवों को सड़क से जोड़ने के लिए करीब सात किलोमीटर मोटर मार्ग का सर्वे किया गया था। वर्ष 2018 में वन अधिनियम के तहत सड़क को सैद्धांतिक स्वीकृति भी मिली। इसके बाद कांचुला से गनोली के समीप तक लगभग ढाई किलोमीटर सड़क का निर्माण हुआ, लेकिन आगे का रास्ता फिर सरकारी प्रक्रियाओं में अटक गया।

गनोली से मौली और गैन की ओर तीन किलोमीटर से अधिक सड़क आज भी अधूरी है। वित्तीय स्वीकृति नहीं मिलने के कारण निर्माण आगे नहीं बढ़ सका। इस तरह सर्वे से लेकर सैद्धांतिक स्वीकृति तक का सफर तय करने के बावजूद सड़क आज भी ग्रामीणों की पहुंच से दूर है।

जब सड़क नहीं तो जिंदगी भी मुश्किल

सड़क के अभाव का दर्द केवल आवाजाही तक सीमित नहीं है। किसी घर में अचानक कोई बीमार पड़ जाए, किसी बुजुर्ग को अस्पताल ले जाना हो या किसी गर्भवती महिला को प्रसव के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाना हो, हर बार परिवार के सामने पहाड़ जैसी चुनौती खड़ी हो जाती है।

हाल ही में इसी क्षेत्र की एक प्रसूता को अस्पताल पहुंचाने की जद्दोजहद के बीच रास्ते में ही नवजात को जन्म देना पड़ा। बाद में मां और बच्चे को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों सुरक्षित हैं। यह घटना बताती है कि सड़क का इंतजार केवल विकास की मांग नहीं, बल्कि लोगों की जिंदगी और स्वास्थ्य से जुड़ा सवाल है।

आश्वासनों से थके, अब अपने दम पर जुटे ग्रामीण

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के लिए कई बार विभागीय अधिकारियों और शासन-प्रशासन के दरवाजे खटखटाए गए। बीते अक्टूबर में विधायक के सामने भी समस्या रखी गई, लेकिन ठोस कार्रवाई के बजाय आश्वासन ही मिलते रहे। ग्राम प्रधान कुसुम पुंडीर, अवतार सिंह और राजेंद्र सिंह सहित ग्रामीणों का कहना है कि सरकारें बदलती रहीं, जनप्रतिनिधि बदलते रहे, लेकिन गांवों की सड़क समस्या नहीं बदली।

अब ग्रामीणों ने अपने निजी संसाधनों से सड़क निर्माण का बीड़ा उठाया है। उनका संकल्प है कि जब तक सड़क निर्माण का काम आगे नहीं बढ़ता, श्रमदान जारी रहेगा। बृहस्पतिवार को 50 से अधिक महिला, पुरुष और युवाओं ने इस अभियान में भाग लिया।

विकास के दावों के बीच एक बड़ा सवाल

पहाड़ों में सड़क निर्माण को विकास का पैमाना माना जाता है। सरकारें गांवों को सड़क से जोड़ने, पलायन रोकने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत करने के दावे करती रही हैं। इसके बावजूद यदि किसी क्षेत्र के लोगों को बीस साल बाद भी सड़क के लिए खुद फावड़ा उठाना पड़े तो यह महज एक विभागीय देरी नहीं, बल्कि विकास की प्राथमिकताओं पर सवाल है।

ग्रामीणों का श्रमदान निश्चित रूप से सामूहिक इच्छाशक्ति और अपने गांव के प्रति उनके समर्पण का उदाहरण है, लेकिन सड़क निर्माण की पूरी जिम्मेदारी ग्रामीणों के कंधों पर नहीं डाली जा सकती। तकनीकी मानकों, वन स्वीकृति, सुरक्षा और स्थायी निर्माण के लिए सरकारी विभागों की भूमिका अनिवार्य है।

सवाल यह भी है कि जब सड़क का सर्वे वर्ष 2006 में हो चुका था और वर्ष 2018 में सैद्धांतिक स्वीकृति भी मिल गई थी तो वित्तीय स्वीकृति के लिए इतना लंबा इंतजार क्यों करना पड़ा? आखिर इन गांवों को सड़क सुविधा देने की जिम्मेदारी कौन निभाएगा?

फिलहाल ग्रामीणों के हाथों में फावड़े हैं और आंखों में सड़क पहुंचने की उम्मीद। पहाड़ के इन लोगों ने श्रमदान से रास्ता बनाने की शुरुआत तो कर दी है, लेकिन अब देखना यह है कि शासन-प्रशासन उनकी इस पहल को गंभीरता से लेकर सड़क निर्माण की अधूरी कड़ी कब पूरी करता है।

Leave a Reply

Next Post

ऊखीमठ : ऊखीमठ क्षेत्र पंचायत बैठक में छाया जल जीवन मिशन का मुद्दा, अधिकारियों की कार्यशैली पर बरसे जनप्रतिनिधि

जिला स्तरीय अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर जताई नाराजगी, जल निगम और जल संस्थान के अधिकारियों से मांगा जवाब लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। ब्लॉक सभागार में आयोजित क्षेत्र पंचायत की त्रैमासिक बैठक में जल जीवन मिशन का मुद्दा प्रमुखता से छाया रहा। पेयजल योजनाओं की बदहाल स्थिति, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और […]

You May Like