गौचर : सीएम धामी ने किया 74वें गौचर मेले का शुभारंभ, सिमली अस्पताल के समाधान को बनेगी कमेटी

Team PahadRaftar

मुख्यमंत्री ने गौचर और गैरसैंण की पेयजल योजनाओं का किया लोकार्पण, प्रेस क्लब भवन के लिए भूमि चयनित करने को कहा

केएस असवाल 

गौचर। ऐतिहासिक गौचर मेले में शनिवार को उत्सव और लोक संस्कृति के रंग बिखर उठे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने सिमली अस्पताल से जुड़े विषय के समाधान के लिए शीघ्र कमेटी गठित करने का आश्वासन दिया। साथ ही गौचर और गैरसैंण की पेयजल योजनाओं का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को विकास की सौगात दी।

मुख्यमंत्री के गौचर पहुंचने पर पारंपरिक वाद्ययंत्रों और बैंड की धुनों के बीच भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलित कर सात दिवसीय मेले का शुभारंभ किया। स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह में लोक संस्कृति के रंग बिखेरे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध व्यापारिक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। वर्ष 1943 में भोटिया व्यापार मेले के रूप में शुरू हुए इस आयोजन का भारत-तिब्बत व्यापार से गहरा जुड़ाव रहा है। उस समय गौचर ऊन, पश्मीना, जड़ी-बूटियों और स्थानीय उत्पादों के कारोबार का प्रमुख केंद्र था। आज यह मेला औद्योगिक और सांस्कृतिक पहचान के साथ देशभर में अपनी अलग पहचान बना चुका है।

उन्होंने कहा कि गौचर मेला स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का अवसर देता है। सरकार स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने के लिए प्रयास कर रही है। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड का कारोबार छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है। इससे स्थानीय उत्पादों और मातृशक्ति के आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को गांव में ही रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प को बढ़ावा देकर पलायन रोकने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चारधाम सड़क परियोजना और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से चमोली की कनेक्टिविटी, पर्यटन और स्थानीय आर्थिकी को मजबूती मिलेगी।

सिमली अस्पताल के लिए जल्द बनेगी कमेटी

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने मुख्यमंत्री के सामने क्षेत्र की समस्याएं और मांगें रखीं। इस पर मुख्यमंत्री ने सिमली अस्पताल से जुड़े विषय के समाधान के लिए शीघ्र कमेटी गठित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि कमेटी सभी संबंधित पक्षों को सुनकर विषय का समाधान तलाशेगी। वहीं, प्रेस क्लब भवन निर्माण की मांग पर उन्होंने स्थानीय स्तर पर उपयुक्त भूमि चिह्नित करने को कहा।

गौचर को 32.45 करोड़ की पेयजल योजना की सौगात

मुख्यमंत्री ने अमृत 2.0 के तहत 32.45 करोड़ रुपये की लागत से तैयार गौचर नगरीय पेयजल योजना का लोकार्पण किया। इसके अलावा गैरसैंण में 4.59 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण और मरम्मत कार्यों का भी लोकार्पण किया। इन योजनाओं से दोनों नगर क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।

दो विभूतियों को स्मृति सम्मान

समारोह में पत्रकारिता एवं साहित्य के क्षेत्र में योगदान के लिए ग्राम बमोथ निवासी वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया। वहीं, वरिष्ठ लेखक एवं प्रकाशक कीर्ति नवानी को पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026 प्रदान किया गया।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, दर्जा राज्य मंत्री हरक सिंह नेगी, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, गौचर नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, व्यापारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : सिल्ला की रामलीला में रावण ने किया सीता हरण, जटायु-रावण युद्ध ने दर्शकों को किया भावुक

पांचवें दिन सीता हरण लीला का हुआ मंचन, राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट ने मुख्य अतिथि के रूप में की शिरकत लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ : शानेश्वर रामलीला समिति सिल्ला की ओर से आयोजित रामलीला के पांचवें दिन सीता हरण प्रसंग का मंचन किया गया। स्वर्ण मृग के आकर्षण से लेकर रावण […]

You May Like