चमोली : मोदी-धामी के जन्मदिन पर बदरी-केदार में विशेष पूजा

Team PahadRaftar

मोदी-धामी के जन्मदिन पर बदरी-केदार में विशेष पूजा

बदरीनाथ में महाभिषेक, केदारनाथ में रुद्राभिषेक-जलाभिषेक; धामों में प्रज्ज्वलित होंगे आशीर्वाद दीप

संजय कुंवर बदरीनाथ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर बदरी-केदार धाम में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर 17 सितंबर और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 51वें जन्मदिन पर 16 सितंबर को श्री बदरीनाथ एवं श्री केदारनाथ धाम में विशेष पूजा-अर्चना, महाभिषेक, रुद्राभिषेक और जलाभिषेक किया जाएगा। दोनों धामों में उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु के साथ देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रार्थना की जाएगी।

श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर धामों में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। श्री बदरीनाथ धाम में महाभिषेक पूजा और श्री केदारनाथ धाम में रुद्राभिषेक एवं जलाभिषेक किया जाएगा।

बदरी-केदार में जलेंगे 127 आशीर्वाद दीप

बीकेटीसी के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 51वें जन्मदिन पर 16 सितंबर को 51 आशीर्वाद दीप तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर 17 सितंबर को 76 आशीर्वाद दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। मंदिर परिसरों में दीप प्रज्ज्वलन के साथ देश और प्रदेश की उन्नति, शांति एवं समृद्धि की कामना की जाएगी।

मोदी के मार्गदर्शन में हुआ धामों का विकास : द्विवेदी

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड के चारधामों से आत्मीय लगाव रहा है। उनके मार्गदर्शन में केदारपुरी के पुनर्निर्माण के साथ बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत विकास कार्य आगे बढ़े हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का जीवन राष्ट्रसेवा, समर्पण और विकास के संकल्प का पर्याय है। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

द्विवेदी ने कहा कि देवभूमि की सनातन परंपरा में जनकल्याण और राष्ट्रकल्याण की भावना सर्वोपरि है। इसी भावना के साथ बदरी-केदार में आयोजित होने वाले धार्मिक अनुष्ठानों में देश और प्रदेश की शांति, प्रगति, समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रार्थना की जाएगी।

Leave a Reply

Next Post

ऊखीमठ : दस सूत्रीय मांगों को लेकर ग्राम प्रधानों ने भरी हुंकार

दस सूत्रीय मांगों को लेकर ग्राम प्रधानों ने भरी हुंकार एक माह में मांगों पर अमल नहीं हुआ तो 16 अक्टूबर को विकासखंड मुख्यालयों में तालाबंदी और प्रदर्शन की चेतावनी लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। ग्राम पंचायतों को अधिक अधिकार और पर्याप्त वित्तीय संसाधन देने समेत दस सूत्रीय मांगों को लेकर ग्राम […]

You May Like