निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला फूंका
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ। निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ऊखीमठ मुख्य बाजार में प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विनोद राणा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की।

प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसील प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति को छह सूत्रीय ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़े उठाए जा रहे सवालों की निष्पक्ष जांच कराने, निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने की मांग की गई।
कांग्रेस प्रदेश सचिव लक्ष्मण रावत ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में निर्वाचन आयोग की भूमिका महत्वपूर्ण है। आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों का निष्पक्ष जांच के माध्यम से समाधान किया जाना चाहिए। मनरेगा प्रकोष्ठ के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष आलोक बगवाड़ी ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं का विश्वास सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री आनंद सिंह रावत ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी शिकायतों का निष्पक्ष परीक्षण होना चाहिए। ब्लॉक अध्यक्ष विनोद राणा ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों और निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने ज्ञापन में उठाए गए छह सूत्रीय मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष कुंवर सजवाण, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष अवतार सिंह नेगी, नगर अध्यक्ष संतोष शैव, मदन सिंह नेगी, कर्मवीर कुंवर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य गणेश तिवारी, शिव सिंह रावत, महावीर सिंह नेगी, जगत सिंह पंवार, उदय सिंह चौहान, शिव लाल और सूरज सिंह बिष्ट समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
