बदरीनाथ : बामणी में गाजे-बाजे के साथ संपन्न हुआ पवित्र गाडू उत्सव

Team PahadRaftar

बामणी में गाजे-बाजे के साथ संपन्न हुआ पवित्र गाडू उत्सव

संजय कुंवर 

बदरीनाथ। बदरीनाथ धाम के हक-हकूकधारियों के गांव बामणी में भगवान कुबेर जी को समर्पित पवित्र गाडू उत्सव पारंपरिक रीति-रिवाज और वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। भगवान कुबेर की उत्सव डोली के बामणी पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल-दमाऊं और जागरों के साथ स्वागत किया। इस दौरान पूरी बामणी घाटी मां नंदा और भगवान कुबेर के जयकारों से गूंजती रही।

सदियों पुरानी परंपरा के तहत दोपहर का भोग लगने के बाद भगवान श्री बदरी विशाल की बद्रीश पंचायत में विराजमान धन के देवता भगवान कुबेर जी की उत्सव डोली बदरीनाथ मंदिर के गर्भगृह से बामणी गांव पहुंची। डोली के गांव पहुंचते ही श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से पूजा-अर्चना कर भगवान कुबेर का आशीर्वाद लिया।

इसके बाद उत्सव डोली को नंदा चौक ले जाया गया। यहां परंपरानुसार देवी-देवताओं ने अवतरित होकर श्रद्धालुओं को दर्शन दिए। धार्मिक मान्यता के अनुसार वर्ष के अंतिम पवित्र गाडू स्नान की परंपरा भी निभाई गई। श्रद्धालुओं ने भगवान कुबेर और मां नंदा से क्षेत्र में सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगल की कामना की।

गाडू स्नान और पूजा-अर्चना के बाद भगवान कुबेर जी की उत्सव डोली वापस बदरीनाथ मंदिर के लिए रवाना हुई। डोली की विदाई के दौरान ग्रामीणों ने जयकारे लगाए। धार्मिक आयोजन को लेकर बामणी गांव में पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल रहा।

Leave a Reply

Next Post

गौचर : घर में घुसकर बंदर ने पूर्व प्रधान पर किया हमला, कई टांके लगे

कर्णप्रयाग अस्पताल में भर्ती, बंदरों के आतंक से ग्रामीणों में आक्रोश केएस असवाल  गौचर/सिदौली। सिदौली ग्राम सभा की पूर्व प्रधान सोनी केडियाल पर सोमवार शाम घर में घुसे बंदर ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें तत्काल सरकारी अस्पताल कर्णप्रयाग […]

You May Like