
व्यापारियों को वितरित किए गए फूड सेफ्टी प्रमाण पत्र
केएस असवाल गौचर। नगर व्यापार मंडल के तत्वावधान में बुधवार को खाद्य कारोबारियों के लिए फूड सेफ्टी एवं स्वच्छता विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कारोबारियों को सुरक्षित खाद्य सामग्री के रखरखाव, स्वच्छता मानकों और खाद्य सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई।
नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष राकेश लिंगवाल की अध्यक्षता में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में एफडीए उत्तराखंड के सहयोग से मुख्य प्रशिक्षक राजीव कुमार और राजीव उपाध्याय ने व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को फूड सेफ्टी प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
प्रशिक्षकों ने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने, एक्सपायरी डेट वाले खाद्य पदार्थों का विक्रय नहीं करने, फूड लाइसेंस अनिवार्य रूप से बनवाने और ग्राहकों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने से उपभोक्ताओं का विश्वास बढ़ता है और बेहतर व्यावसायिक वातावरण तैयार होता है।
कार्यक्रम में गौचर के बड़ी संख्या में खाद्य कारोबारियों ने प्रतिभाग कर प्रशिक्षण प्राप्त किया और खाद्य सुरक्षा संबंधी नियमों की जानकारी ली।
