
गोपेश्वर, गिरीश चंदोला संवाददाता। नन्दानगर और थराली क्षेत्र में आपदा प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिला कार्यालय सभागार में गुरुवार को आयोजित बैठक में थराली विधायक भूपाल राम टम्टा भी मौजूद रहे। बैठक में क्षतिग्रस्त आवासों, सड़कों, पैदल मार्गों, पेयजल योजनाओं तथा अन्य पुनर्वास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नन्दकिशोर जोशी ने बताया कि थराली के रामलीला मैदान, अपर बाजार और चैपड़ों क्षेत्र की तीन बाढ़ सुरक्षा योजनाओं को शासन से मंजूरी मिल चुकी है। इन योजनाओं के लिए सिंचाई विभाग जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू करेगा।
उन्होंने बताया कि नन्दानगर, नारायणबगड़ और जिलासू क्षेत्र के 32 प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए 109.75 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त हो चुकी है। पात्र परिवारों को प्रथम किस्त भी वितरित कर दी गई है। वहीं आपदा से क्षतिग्रस्त विद्यालयों, पेयजल लाइनों, सड़कों और पैदल मार्गों के मरम्मत कार्यों के लिए संबंधित विभागों को धनराशि उपलब्ध करा दी गई है।
बैठक में बताया गया कि थराली और नन्दानगर के प्रभावित क्षेत्रों से मलबा हटाने का कार्य पूरा हो चुका है। नन्दानगर के मोख और सेरा क्षेत्रों में मोक्ष नदी के चैनलाइजेशन का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग और नगर पंचायत के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है और कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी राजकुमार पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी के.के. पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

