पीपलकोटी : 5 सितंबर से शुरू होगी मां नंदा की बड़ी जात, तैयारियों को अंतिम रूप

Team PahadRaftar

बंड मंदिर समिति की बैठक में यात्रा व्यवस्थाओं पर मंथन, भूमियाल मंदिर के जीर्णोद्धार का भी लिया संकल्प

संवाददाता, पीपलकोटी : आगामी 5 सितंबर से शुरू होने वाली ऐतिहासिक मां नंदा देवी की बड़ी जात (देव यात्रा) की तैयारियों को लेकर बुधवार को गडोरा स्थित माहेश्वरी लॉज में बंड मंदिर समिति एवं मां नंदा के मुख्य पुजारी कुरूड़ से गौड़ ब्राह्मणों के तत्वावधान में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा को भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न समितियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। साथ ही बंड क्षेत्र के आराध्य भूमियाल मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य जनसहयोग से शीघ्र शुरू करने का निर्णय लिया गया।

मंदिर समिति के अध्यक्ष जगत सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बंड क्षेत्र के सभी गांवों के सरपंच, महिला मंगल दलों की अध्यक्ष, नवयुवक मंगल दलों के पदाधिकारी, मंदिर समिति के सदस्य, पुजारी और क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे।

जगत सिंह नेगी ने कहा कि बड़ी जात क्षेत्र की आस्था और सांस्कृतिक विरासत का सबसे बड़ा आयोजन है। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा, पड़ावों की व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं, ताकि यात्रा का सफल संचालन सुनिश्चित हो सके।

बैठक में भूमियाल मंदिर के जीर्णोद्धार को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मंदिर के पुनर्निर्माण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य जनसहयोग से शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।

इस दौरान दीपक पंत ने कहा कि मां नंदा की बड़ी जात केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि बंड क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और लोक आस्था का प्रतीक है। उन्होंने सभी ग्रामवासियों, महिला मंगल दलों, युवक मंगल दलों और श्रद्धालुओं से यात्रा के सफल आयोजन तथा भूमियाल मंदिर के जीर्णोद्धार में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की।

एक नजर

  • 5 सितंबर से शुरू होगी मां नंदा की बड़ी जात।
  • यात्रा की तैयारियों को लेकर गडोरा में हुई बैठक।
  • विभिन्न समितियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां।
  • भूमियाल मंदिर के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित।
  • जनसहयोग से यात्रा और मंदिर संरक्षण का लिया संकल्प।

Leave a Reply

You May Like