योग दिवस पर दौड़ी युवा शक्ति, हॉफ मैराथन में 83 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
गिरीश चंदोला थराली। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा चमोली की ओर से कुलसारी मुख्य पुल से थराली रामलीला मैदान तक हॉफ मैराथन का आयोजन किया गया। “रन फॉर फिट इंडिया” थीम पर आयोजित इस प्रतियोगिता में 83 युवाओं ने प्रतिभाग कर फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
मैराथन का शुभारंभ युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष कुलसारी गिरीश चमोला ने हरी झंडी दिखाकर किया। प्रतियोगिता में बालक वर्ग में सौरभ सिंह (देवाल) प्रथम, योगेश भंडारी (आदरा) द्वितीय और राहुल कुमार (ग्वालदम) तृतीय स्थान पर रहे। वहीं बालिका वर्ग में साक्षी (थाला) ने प्रथम, प्राची चंदोला (सिमलसैंण) ने द्वितीय और 13 वर्षीय खुशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
ग्राम लोलटी के यश नेगी सबसे कम उम्र के प्रतिभागी रहे। उन्होंने पूरी दौड़ पूरी कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
समापन समारोह में विधायक भूपाल राम टम्टा ने विजेताओं और प्रतिभागियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि योग और नियमित व्यायाम स्वस्थ जीवन की आधारशिला हैं। युवाओं को अपनी दिनचर्या में इन्हें शामिल कर स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम में कुलसारी, थराली, नारायणबगड़ और देवाल क्षेत्र के युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर युवा मोर्चा जिला महामंत्री कृष्णा सिंह, जिला उपाध्यक्ष सूरज खत्री, जिला कोषाध्यक्ष सुबोध फर्स्वाण, जिला मंत्री राजेंद्र बिष्ट, मंडल अध्यक्ष संजय जोशी, देवेंद्र बिष्ट, जयदीप रावत सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
