
ज्योतिर्मठ में बेटी ने बढ़ाया मान, तृप्ति डिमरी 95.20% के साथ जिले में अव्वल
संजय कुंवर
ज्योतिर्मठ (चमोली) : कठिन परिस्थितियों के बीच भी हौसले बुलंद हों तो सफलता कदम चूमती है। इसे सच कर दिखाया है पीएम श्री राजकीय आदर्श बालिका इंटर कॉलेज, ज्योतिर्मठ की छात्रा तृप्ति डिमरी ने। इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में मानविकी वर्ग से 476/500 अंक (95.20%) हासिल कर तृप्ति ने राज्य में 11वां स्थान और चमोली जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
मूल रूप से रविग्राम निवासी तृप्ति ने इससे पहले हाईस्कूल में भी 92.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा देवभूमि पब्लिक स्कूल, रविग्राम से और कक्षा 8 से 12 तक की पढ़ाई ज्योतिर्मठ स्थित बालिका इंटर कॉलेज से पूरी की।
तृप्ति की सफलता के पीछे संघर्ष की लंबी कहानी है। वर्ष 2018 के बाद पिता का साथ न मिलने पर उनकी माता रंजना डिमरी ने परिवार की जिम्मेदारी संभाली। वर्तमान में वह एनटीपीसी में संविदा पर माली के पद पर कार्यरत हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद तृप्ति ने पढ़ाई में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और विद्यालय की गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी तृप्ति का सपना भविष्य में अध्यापन के क्षेत्र में जाना है। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्रधानाचार्या उर्मिला बहुगुणा ने छात्रा और उनकी माता को सम्मानित करते हुए 5100 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। विद्यालय परिवार ने मिठाई बांटकर खुशी जताई।
विद्यालय का परीक्षा परिणाम भी शानदार रहा। इंटरमीडिएट में 66 छात्राएं शामिल हुईं, जिनमें से 64 उत्तीर्ण रहीं। कुल परिणाम 97 प्रतिशत रहा, जबकि 42 छात्राओं ने प्रथम श्रेणी और 22 ने द्वितीय श्रेणी प्राप्त की।
तृप्ति की इस सफलता से क्षेत्र में खुशी की लहर है और अन्य छात्राओं को भी प्रेरणा मिल रही है।

