
543 सीटों पर तुरंत लागू हो महिला आरक्षण, भाजपा पर टालमटोल का आरोप
गोपेश्वर : महिला आरक्षण बिल को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों पर बिना शर्त 33 प्रतिशत महिला आरक्षण तत्काल लागू करने की मांग उठाई है।
जिला मुख्यालय गोपेश्वर स्थित एक स्थानीय रेस्टोरेंट में आयोजित पत्रकार वार्ता में बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला और जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश कुमार डिमरी ने भाजपा सरकार पर महिला आरक्षण के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया।
विधायक लखपत बुटोला ने कहा कि सितंबर 2023 में सर्वसम्मति से पारित महिला आरक्षण बिल को लागू करने में सरकार जानबूझकर देरी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इसे वर्तमान 543 सीटों के बजाय परिसीमन के बाद बढ़ने वाली सीटों पर लागू करने की योजना बना रही है, जो महिलाओं को उनके अधिकार से वंचित करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि विपक्ष पहले ही 2024 लोकसभा चुनाव से इसे लागू करने की मांग कर चुका है।
जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार डिमरी ने भाजपा द्वारा कांग्रेस को आरक्षण विरोधी बताए जाने को हास्यास्पद करार दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस बिना किसी शर्त के वर्तमान लोकसभा सीटों पर ही महिला आरक्षण लागू करने के पक्ष में है। साथ ही उन्होंने संसद के विशेष सत्र के समय पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जब देश के कुछ हिस्सों में चुनावी प्रक्रिया जारी है, ऐसे में सरकार की मंशा पर संदेह होना स्वाभाविक है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी की स्पष्ट नीति महिला सशक्तिकरण की है और इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। कार्यकर्ताओं से भी इस विषय पर आमजन के बीच जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया गया।
पत्रकार वार्ता में पीसीसी सदस्य अरविंद नेगी, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष आनंद सिंह पंवार, जिला प्रवक्ता तेजवीर कंडेरी, महिला जिलाध्यक्ष ऊषा रावत, यूथ जिलाध्यक्ष सूर्य प्रकाश पुरोहित समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

