
एनटीपीसी की तपोवन विष्णुगाड परियोजना में राज्य स्तरीय अभ्यास, सेना, आईटीबीपी, पुलिस और सीआईएसएफ ने संभाला मोर्चा
संजय कुंवर
ज्योतिर्मठ। तपोवन विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना की सुरंग में अचानक बाढ़ आने और 22 श्रमिकों के फंसने की सूचना से शनिवार को आपदा प्रबंधन से जुड़ी एजेंसियां सक्रिय हो गईं। सूचना मिलते ही संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया और सभी 22 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया गया। हालांकि, यह वास्तविक हादसा नहीं, बल्कि आपदा प्रबंधन दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल का हिस्सा था।
एनटीपीसी की तपोवन विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना में 28 नवंबर को उत्तराखंड शासन के निर्देशों के क्रम में यह मॉक ड्रिल आयोजित की गई। एसडीएम ज्योतिर्मठ अमित द्विवेदी के नियंत्रण में हुए इस अभ्यास का उद्देश्य फ्लैश फ्लड और सुरंग में जलभराव जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखना था।
मॉक ड्रिल के तहत काल्पनिक स्थिति बनाई गई कि अचानक फ्लैश फ्लड आने से परियोजना की सुरंग में भारी मात्रा में पानी और कीचड़ भर गया है। इस दौरान सुरंग के भीतर काम कर रहे तकनीकी कर्मचारियों और मशीन ऑपरेटरों सहित 22 श्रमिक फंस गए हैं और उनका बाहरी क्षेत्र से संपर्क टूट गया है। सूचना मिलते ही बचाव दलों ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त अभियान शुरू किया।
बचाव अभियान में एनटीपीसी, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), गढ़वाल स्काउट (भारतीय सेना), राज्य अग्निशमन सेवा और उत्तराखंड पुलिस सहित अन्य एजेंसियों ने भाग लिया। संयुक्त प्रयासों से सुरंग में फंसे सभी 22 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया गया।
इस दौरान विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय, संचार व्यवस्था, त्वरित प्रतिक्रिया और बचाव उपकरणों के इस्तेमाल की भी जांच की गई। मॉक ड्रिल के माध्यम से यह परखने का प्रयास किया गया कि हिमालयी क्षेत्र में स्थित भूमिगत जल विद्युत परियोजनाओं में अचानक बाढ़ और अन्य आपदाओं के दौरान किस तरह प्रभावी राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा सकता है।
एनटीपीसी परियोजना प्रबंधन ने कहा कि इस तरह के नियमित अभ्यास से आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली मजबूत होती है। साथ ही विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलती है।

