चमोली : नंदा देवी बायोमॉनिटरिंग एक्सपीडिशन-2026 को वन मंत्री ने किया रवाना

Team PahadRaftar

नंदा देवी बायोमॉनिटरिंग एक्सपीडिशन-2026 को वन मंत्री ने किया रवाना

ज्योतिर्मठ, संजय कुंवर संवाददाता। विश्व धरोहर के कोर जोन में जैव विविधता और पर्यावरणीय परिवर्तनों के अध्ययन के लिए नंदा देवी बायोमॉनिटरिंग एक्सपीडिशन-2026 दल रविवार को रवाना हो गया। वन मंत्री ने मोनाल वन विश्राम गृह में आयोजित कार्यक्रम में अभियान दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

अभियान में 32 सदस्यीय कोर टीम सहित कुल 87 सदस्य शामिल हैं। दल में वन विभाग, वाइल्ड लाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (डब्ल्यूआईआई), जीबी पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान, आईटीबीपी, एसडीआरएफ, गढ़वाल विश्वविद्यालय और अन्य संस्थानों के वैज्ञानिक एवं विशेषज्ञ शामिल हैं।

अभियान दल नंदा देवी राष्ट्रीय उद्यान के कोर क्षेत्र में पिछले चार दशकों के दौरान हुए पर्यावरणीय और भूगर्भीय परिवर्तनों का अध्ययन करेगा। इसके तहत जैव विविधता, वनस्पति, वन्यजीव, ग्लेशियरों और संपूर्ण पारिस्थितिकी तंत्र की स्थिति का आकलन किया जाएगा। साथ ही पिछले 40 वर्षों से लागू इंटरफेरेंस पॉलिसी के प्रभावों का भी परीक्षण किया जाएगा।

नंदा देवी राष्ट्रीय उद्यान के प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि अभियान दल ‘मिनिमम फुटप्रिंट’ सिद्धांत के तहत कार्य करेगा, ताकि कोर जोन की पारिस्थितिकीय पवित्रता प्रभावित न हो। अध्ययन के बाद तैयार होने वाली रिपोर्ट भविष्य की संरक्षण नीतियों और हिमालयी पारिस्थितिकी के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस मौके पर वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि नंदा देवी राष्ट्रीय उद्यान देश की अमूल्य प्राकृतिक धरोहर है। यहां के पर्यावरणीय बदलावों का वैज्ञानिक अध्ययन संरक्षण प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद करेगा। उन्होंने अभियान दल को सफलतापूर्वक अध्ययन पूरा करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : रुद्रनाथ के लिए वैकल्पिक पैदल मार्ग बनाने की मांग, 50 बेड अस्पताल को मिली उम्मीद

रुद्रनाथ के लिए वैकल्पिक पैदल मार्ग बनाने की मांग, 50 बेड अस्पताल को मिली उम्मीद ज्योतिर्मठ, संजय कुंवर संवाददाता। बीकेटीसी के उपाध्यक्ष ने रविवार को प्रदेश के वन, पर्यावरण, उद्यान एवं स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर डुमक-कलगोठ से तक वैकल्पिक पैदल यात्रा मार्ग विकसित करने की मांग उठाई। साथ ही […]

You May Like