पौड़ी : रिखणीखाल में खाई में गिरी इको कार, आठ लोगों की मौत, चार घायल

Team PahadRaftar

कलवाड़ी गांव के समीप 300 मीटर गहरी खाई में गिरा वाहन, मृतकों में सात महिलाएं और चालक शामिल

जसपाल नेगी 

पौड़ी। रिखणीखाल क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। भंगवाड़ की ओर जा रही इको कार कलवाड़ी गांव के समीप अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 300 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में चालक समेत 12 लोग सवार थे। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया।

एसएसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि शनिवार को थाना रिखणीखाल को वाहन दुर्घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद रिखणीखाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। रिखणीखाल से करीब 25 किलोमीटर आगे कलवाड़ी गांव के समीप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरा था। वाहन रिखणीखाल से भंगवाड़ की ओर जा रहा था।

रेस्क्यू अभियान के दौरान टीम ने चार घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला। वहीं, दुर्घटना में आठ लोगों की मौत हो गई। सभी मृतकों के शव खाई से निकाल लिए गए। घायलों को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल पहुंचाया गया।

हादसे में कांति देवी (45), रेखा देवी (42), अनिल देबराड़ा (48), सुमित्रा देवी (50), सुनीता देवी (45), धनेश्वरी देवी (46), सरोजनी देवी (38) और रजनी देवी (25) की मौत हो गई। मृतकों में वाहन चालक अनिल देबराड़ा भी शामिल है। सभी मृतक भंगवाड़ गांव के निवासी थे।

वहीं, हादसे में शशि देवी (35), शकुंतला देवी (45), जगदीश सिंह और सत्यवती देवी (36) घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और क्षेत्रीय विधायक महंत दिलीप रावत ने शोक व्यक्त किया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : तपोवन परियोजना की सुरंग में फंसे 22 श्रमिकों का किया सुरक्षित रेस्क्यू, मॉक ड्रिल में परखी आपदा प्रबंधन की तैयारियां

एनटीपीसी की तपोवन विष्णुगाड परियोजना में राज्य स्तरीय अभ्यास, सेना, आईटीबीपी, पुलिस और सीआईएसएफ ने संभाला मोर्चा संजय कुंवर  ज्योतिर्मठ। तपोवन विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना की सुरंग में अचानक बाढ़ आने और 22 श्रमिकों के फंसने की सूचना से शनिवार को आपदा प्रबंधन से जुड़ी एजेंसियां सक्रिय हो गईं। सूचना […]

You May Like