ऊखीमठ : 45 साल बाद बगडवाल नृत्य से भक्तिमय हुई तुंगनाथ घाटी, सारी गांव में उमड़ रहा आस्था का सैलाब

Team PahadRaftar

देवरिया ताल के आंचल में जीवंत हुई जीतू बगडवाल की लोकगाथा, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने भी किया प्रतिभाग

लक्ष्मण नेगी

ऊखीमठ (रुद्रप्रयाग)। उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराओं की अनूठी झलक इन दिनों तुंगनाथ घाटी के सारी गांव में देखने को मिल रही है। पर्यटक स्थल देवरिया ताल के आंचल में बसे इस गांव में 45 वर्षों बाद आयोजित पारंपरिक बगडवाल नृत्य ने पूरे क्षेत्र को भक्तिरस में सराबोर कर दिया है। जीतू बगडवाल की प्रेम, वीरता और त्याग से जुड़ी लोकगाथा को देखने और सुनने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज, जागरों की स्वर लहरियों और बगडवाल नृत्य की भावपूर्ण प्रस्तुतियों से सारी गांव की वादियां गुंजायमान हैं। आयोजन में स्थानीय ग्रामीणों के साथ ही दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। लोकगाथा के विभिन्न प्रसंगों के मंचन के दौरान श्रद्धालु भावविभोर हो रहे हैं। महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी इस आयोजन को और खास बना रही है।

चार दशक से अधिक समय बाद आयोजित हो रहा यह पारंपरिक नृत्य ग्रामीणों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ ही नई पीढ़ी को लोक परंपराओं से परिचित कराने का माध्यम भी बन रहा है। देवरिया ताल और तुंगनाथ घाटी की प्राकृतिक सुंदरता के बीच लोक आस्था और संस्कृति का यह संगम क्षेत्र के लिए विशेष आकर्षण बना हुआ है।

विधायक आशा नौटियाल ने किया प्रतिभाग

बगडवाल नृत्य आयोजन में केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने भी प्रतिभाग कर लोक परंपरा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराएं हमारी विशिष्ट पहचान हैं। बगडवाल नृत्य जैसी पारंपरिक विधाएं नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसी लोक परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने आयोजन से जुड़े ग्रामीणों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूती देते हैं।

लोकगाथा में समाहित है प्रेम, वीरता और त्याग का संदेश

पूर्व सहायक सूचना अधिकारी गजपाल भट्ट ने कहा कि बगडवाल नृत्य उत्तराखंड की समृद्ध लोक सांस्कृतिक विरासत का अनूठा प्रतीक है। जीतू बगडवाल की प्रेम, वीरता और त्याग से जुड़ी लोकगाथा इस नृत्य के माध्यम से पीढ़ी-दर-पीढ़ी जनमानस तक पहुंचती रही है। 45 वर्षों बाद सारी गांव में इसका आयोजन होना लोक संस्कृति के संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बगडवाल नृत्य महज मनोरंजन की विधा नहीं, बल्कि लोक मान्यताओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक पहचान को जीवंत रखने वाली परंपरा है।

ग्राम प्रधान अनीता देवी और क्षेत्र पंचायत सदस्य भरत सिंह नेगी ने बताया कि आयोजन से ग्रामीणों में अपनी परंपराओं के प्रति नई चेतना जागी है। 45 वर्षों बाद जीवंत हुई इस लोकगाथा को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है। देवरिया ताल पहुंचने वाले पर्यटकों के लिए भी यह आयोजन आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

सारी गांव में इन दिनों लोक आस्था, परंपरा और प्रकृति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। बगडवाल नृत्य के माध्यम से जीवंत हो रही यह लोकगाथा संदेश दे रही है कि लोक संस्कृति तभी सुरक्षित रह सकती है, जब समाज अपनी परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प ले।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : पीपलकोटी में 100 मीटर गहरी खाई में मिला महिला का शव, पुलिस-एसडीआरएफ ने किया रेस्क्यू

पीपलकोटी (चमोली)। पीपलकोटी बाजार के पीछे खेतों के पास 100 मीटर गहरी खाई में गिरने से 52 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला के लापता होने की सूचना पर तलाश में जुटी पुलिस को उनकी चप्पलें खाई के ऊपर मिलीं। इसके बाद खाई में तलाश करने पर महिला का […]

You May Like