
गौचर, केएस असवाल संवाददाता। चमोली जिले के दो होनहार युवाओं ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। पोखरी क्षेत्र के देवर गांव निवासी अपूर्व रावत और कर्णप्रयाग ब्लॉक के दुर्गापुर ग्वाड़ (लंगासू) निवासी सारस्वत ध्यानी के सेना में अधिकारी बनने की खबर से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।

अपूर्व रावत शिक्षक अनूप रावत के पुत्र हैं, जबकि सारस्वत ध्यानी जिला पूर्ति विभाग में खाद्य निरीक्षक के पद पर कार्यरत बीरेंद्र ध्यानी के पुत्र हैं। दोनों युवाओं ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और देशसेवा के संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।
उनकी सफलता पर जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जिला पूर्ति विभाग के कर्मचारियों तथा क्षेत्रवासियों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। लोगों का कहना है कि दोनों युवाओं की उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी और उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
इधर, दोनों परिवारों में जश्न का माहौल है। शुभचिंतकों और रिश्तेदारों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। परिवारों की ओर से खुशी के अवसर पर मिठाई वितरित कर सभी का आभार व्यक्त किया गया। क्षेत्रवासियों ने कहा कि अपूर्व रावत और सारस्वत ध्यानी ने अपने परिवार के साथ-साथ पूरे चमोली जिले का नाम रोशन किया है।

