चमोली : मूसलाधार बारिश से फूलों की घाटी बंद, घूंसा नाले में उफान से बही पैदल पुलिया

Team PahadRaftar

पर्यटकों की सुरक्षा के मद्देनजर पार्क प्रशासन का फैसला, जलस्तर घटने के बाद बनेगा वैकल्पिक मार्ग

संजय कुंवर घांघरिया/चमोली। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते यूनेस्को विश्व प्राकृतिक धरोहर वैली ऑफ फ्लावर्स (फूलों की घाटी) राष्ट्रीय उद्यान शुक्रवार को पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया। घाटी के प्रवेश द्वार के समीप स्थित घूंसा नाले में अचानक जलस्तर बढ़ने से पैदल पुलिया बह गई, जिसके बाद पार्क प्रशासन ने पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया।

पार्क प्रशासन के अनुसार, घूंसा नाले में लगातार बढ़ रहे जलस्तर पर कर्मचारियों की नजर बनी हुई है। जैसे ही पानी का बहाव कम होगा, मौके पर वैकल्पिक पुलिया और पैदल मार्ग तैयार करने का कार्य शुरू किया जाएगा, ताकि पर्यटकों की आवाजाही जल्द बहाल की जा सके।

इन दिनों फूलों की घाटी अपने पीक सीजन में है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में प्रकृति प्रेमी और पर्यटक प्रतिदिन घाटी की दुर्लभ जैव विविधता और रंग-बिरंगे पुष्पों का दीदार करने बेस कैंप घांघरिया पहुंच रहे हैं। लेकिन शुक्रवार को अचानक मार्ग बाधित होने से कई पर्यटकों को निराश होकर घांघरिया में ही रुकना पड़ा।

पार्क प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल पर्यटकों को घाटी में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। मौसम सामान्य होने और घूंसा नाले का जलस्तर घटने के बाद वैकल्पिक मार्ग तैयार कर आवाजाही पुनः शुरू की जाएगी।

प्रमुख बिंदु

  • घूंसा नाले में उफान से पैदल पुलिया बही।
  • सुरक्षा के मद्देनजर शुक्रवार को फूलों की घाटी पर्यटकों के लिए बंद।
  • जलस्तर कम होते ही वैकल्पिक पुलिया व मार्ग निर्माण शुरू होगा।
  • घांघरिया में बड़ी संख्या में पर्यटक घाटी खुलने का इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Next Post

गौचर बाजार चोरी का खुलासा : 40 सीसीटीवी खंगालकर शातिर चोर गिरफ्तार

दुकान से चुराए ₹10,100 और बैंक पासबुक बरामद, कई जिलों में दर्ज हैं चोरी के मुकदमे केएस असवाल कर्णप्रयाग (चमोली)। गौचर बाजार स्थित एक दुकान का ताला तोड़कर नकदी और बैंक पासबुक चोरी करने की घटना का कर्णप्रयाग पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने करीब […]

You May Like