थराली : एम्बुलेंस में गर्भवती की मौत पर फूटा गुस्सा, सीएचसी में कांग्रेस का धरना

Team PahadRaftar

एम्बुलेंस में गर्भवती की मौत पर फूटा गुस्सा, सीएचसी में कांग्रेस का धरना

गिरीश चंदोला थराली। कुराड़ गांव की गर्भवती महिला की 108 एंबुलेंस में मौत के मामले को लेकर बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। कांग्रेस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) थराली में धरना-प्रदर्शन कर मामले की उच्च स्तरीय जांच, लापरवाही के लिए जिम्मेदार चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग उठाई।

धरने का नेतृत्व पूर्व विधायक डॉ. जीतराम, ब्लॉक प्रमुख प्रवीण पुरोहित और नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता रावत ने किया। प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल परिसर में नारेबाजी करते हुए कहा कि जब तक उनकी तीन सूत्रीय मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।

गौरतलब है कि सोमवार को कुराड़ गांव निवासी गर्भवती सरिता देवी को सीएचसी थराली से कर्णप्रयाग रेफर किया गया था। परिजनों का आरोप है कि उनकी बार-बार मांग के बावजूद महिला को समय रहते रेफर नहीं किया गया। हालत गंभीर होने पर रेफर किया गया, लेकिन नारायणबगड़ के पास 108 एंबुलेंस में ही जच्चा और बच्चा दोनों की मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सा स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही सीएचसी थराली में विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

धरने में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विनोद रावत, जिला महामंत्री संदीप कुमार पटवाल, अब्बल सिंह गुसाईं, महेश उनियाल, मनोज चंदोला, नरेंद्र सिंह, हीरा चिनवान, ओमप्रकाश सोनियाल, गजेंद्र रावत सहित कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

You May Like