
लाइन पर काम कर रहे दो मजदूरों को लगा करंट, हालत गंभीर
केएस असवाल गौचर। बिजली लाइन पर कार्य के दौरान करंट लगने से दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर किया गया है।
बुधवार को पुलिस चौकी गौचर को सूचना मिली कि गौचर पटवारी चौकी के नीचे वार्ड नैल क्षेत्र में बिजली लाइन में बंद केबिल लगाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान लाइन पर काम कर रहे दो मजदूर अचानक करंट की चपेट में आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बिजली विभाग के कर्मचारियों व अन्य मजदूरों की मदद से घायलों को बाहर निकाला।
घायलों की पहचान मनब्बर (32) पुत्र नानू निवासी गहतोली मुगल थाना फतेहपुर जनपद सहारनपुर तथा अंकुर (25) पुत्र विनोद निवासी बेहड़ा संगल थाना फतेहपुर जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है। दोनों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गौचर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें गंभीर हालत में बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर कर दिया।
प्रथम दृष्टया हादसे का कारण लाइन पर कार्य के दौरान शटडाउन खुलना माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
