श्रीनगर विधानसभा के लिए विजय रावत ने जारी किया जनसंकल्प पत्र, युवाओं, महिलाओं और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर
जसपाल नेगी श्रीनगर। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी विजय रावत ने क्षेत्र के स्थानीय संसाधनों को रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने का संकल्प लिया है। रविवार को श्रीनगर में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने अपना जनसंकल्प पत्र जारी किया। इसमें युवाओं, महिलाओं, किसानों और स्थानीय उद्यमियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को प्राथमिकता देने की बात कही गई है।
विजय रावत ने कहा कि उत्तराखंड के प्राकृतिक और स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग कर रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। इसके लिए पानी के प्लांट, मत्स्य पालन, पोल्ट्री फार्म, पशुपालन और डेयरी जैसे क्षेत्रों को बढ़ावा देने का प्रस्ताव रखा गया है। उनका कहना है कि स्थानीय युवाओं को रोजगार के लिए पलायन करने के बजाय अपने ही क्षेत्र में स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
जनसंकल्प पत्र में महिला सशक्तिकरण मिशन को भी प्रमुखता दी गई है। स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने, महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने की योजना पर जोर दिया गया है।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी विजय रावत ने अपनी प्राथमिकताएं सामने रखीं। उन्होंने अब तक क्षेत्र में 13 निशुल्क मेडिकल कैंप आयोजित किए जाने का उल्लेख करते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत करने का संकल्प जताया। साथ ही गैरसैंण को राजधानी के रूप में अपनी जगह से सेवा भाव से जोड़ने की बात भी कही।
विजय रावत ने कहा कि विकास का लाभ केवल शहरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि गांवों तक रोजगार और मूलभूत सुविधाएं पहुंचनी चाहिए। स्थानीय संसाधन, युवाओं की क्षमता और महिलाओं की भागीदारी विकास की मजबूत नींव बन सकती है।
उन्होंने कहा कि “हर संसाधन से रोजगार, हर परिवार खुशहाल” के लक्ष्य के साथ श्रीनगर विधानसभा के विकास का नया मॉडल तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान राजकुमार ढाका, गबर बिष्ट, रघुवीर बिष्ट, नरेश, सलीम, सलमान, अजय नेगी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

