चमोली : बदरीनाथ धाम में नर-नारायण जन्मोत्सव की धूम, माता मूर्ति मंदिर पहुंची उत्सव डोली

Team PahadRaftar

जयकारों से गूंजा बदरीनाथ धाम, आज माता मूर्ति मंदिर में हुआ विशेष पूजन; कल लीला ढूंगी में होगी जन्मोत्सव की विशेष पूजा

संजय कुंवर बदरीनाथ। भू-बैकुंठ बदरीनाथ धाम में रविवार को भगवान नर-नारायण का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ शुरू हुआ। दो दिवसीय नर-नारायण महोत्सव के शुभारंभ पर मंदिर परिसर भगवान नर-नारायण के जयकारों से गूंज उठा। सुबह विशेष पूजा-अर्चना के बाद भगवान नर-नारायण की उत्सव डोली माता मूर्ति मंदिर माणा के लिए रवाना हुई।

बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने बताया कि रविवार सुबह बदरीनाथ मंदिर में भगवान नर-नारायण की उत्सव मूर्तियों का महाभिषेक और विशेष पूजन किया गया। इसके बाद भगवान को भोग अर्पित कर आरती उतारी गई। सुबह करीब 9:30 बजे उत्सव डोली को मंदिर के सिंह द्वार से बाहर निकाला गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु डोली यात्रा में शामिल हुए।

माता मूर्ति मंदिर पहुंचने पर बदरीनाथ धाम के नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी ने भगवान नर-नारायण का महाभिषेक और पूजन कर भोग लगाया। इसके बाद डोली वापस बदरीनाथ मंदिर पहुंची। इस दौरान धाम का वातावरण भक्तिमय बना रहा।

सदियों से तपस्यारत हैं नर-नारायण

धार्मिक मान्यता के अनुसार बद्रिकाश्रम में भगवान नर और नारायण विश्व कल्याण की कामना को लेकर सदियों से तपस्या कर रहे हैं। इसी मान्यता के चलते बदरीनाथ धाम में नर-नारायण जन्मोत्सव का विशेष धार्मिक महत्व है।

कल लीला ढूंगी में होगी विशेष पूजा

महोत्सव के दूसरे दिन सोमवार को भगवान नर-नारायण की जन्मस्थली लीला ढूंगी, बामणी गांव में विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ जन्मोत्सव की परंपरा निभाई जाएगी।

बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने श्रद्धालुओं को नर-नारायण जन्मोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : भ्यूंडार में चार किमी क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क ठप, टावर लगाने की मांग

भ्यूंडार में चार किमी क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क ठप, टावर लगाने की मांग संजय कुंवर, भ्यूंडार। हेमकुंड साहिब और विश्व धरोहर फूलों की घाटी की यात्रा पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भ्यूंडार वैली में मोबाइल नेटवर्क की समस्या से जूझना पड़ रहा है। घांघरिया बेस कैंप से करीब […]

You May Like