ऊखीमठ : हरेला पर एवरग्रीन स्कूल की जागरूकता रैली, ‘हर घर एक पौधा’ का दिया संदेश

Team PahadRaftar

मुख्य बाजार में गूंजे पर्यावरण संरक्षण के नारे, विद्यार्थियों ने लोगों को किया जागरूक

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। लोकपर्व हरेला के अवसर पर एवरग्रीन एजुकेशनल सोसायटी हाई स्कूल की ओर से गुरुवार को मुख्य बाजार में पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए जन-जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अधिक से अधिक पौधरोपण, जल स्रोतों के संरक्षण और स्वच्छ-हरित पर्यावरण का संदेश दिया।

विद्यालय परिसर से शुरू हुई रैली मुख्य बाजार के विभिन्न मार्गों से होकर निकली। इस दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में पर्यावरण संरक्षण संबंधी तख्तियां और बैनर लेकर ‘हरेला मनाएं, पेड़ लगाएं’, ‘पेड़ हैं जीवन का आधार’, ‘हर घर एक पौधा’ और ‘स्वच्छ पर्यावरण, स्वस्थ जीवन’ जैसे नारों से लोगों को जागरूक किया। बच्चों के उत्साह और अनुशासन की स्थानीय लोगों ने सराहना की।

विद्यालय की प्रधानाचार्य रंजना कठैत ने कहा कि हरेला केवल एक लोकपर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति आस्था, जिम्मेदारी और उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय चुनौतियों को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण के साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की जिम्मेदारी निभानी होगी। यदि आज पर्यावरण की रक्षा की जाएगी, तभी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।

रैली के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई और हरेला पर्व के महत्व से अवगत कराया। विद्यार्थियों ने अपने घरों और आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक राधा राणा, प्रभात बैरवाण, सूरज, रश्मि, कुंवर, सोनल, शिशुवंती तिवारी, भुवनेश्वरी भट्ट, चेतना पांडेय, पुष्पा, आइसा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

पीपलकोटी : एकल अभियान से तैयार होगा संस्कारित और आत्मनिर्भर भारत : अतुल शाह

चमोली में पांच दिवसीय आचार्य वार्षिक अभ्यास वर्ग का शुभारंभ चमोली। एकल अभियान अंचल गोपेश्वर (संच पीपलकोटी एवं मंडल) के पांच दिवसीय आचार्य वार्षिक अभ्यास वर्ग का शुभारंभ गुरुवार को नगर पालिका भवन चमोली में दीप प्रज्ज्वलन एवं दीप मंत्र के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता उत्तराखंड संभाग सदस्य, […]

You May Like