
श्रीनगर में अंबेडकर प्रतिमा से छेड़छाड़ पर मुकदमा दर्ज, आरोपियों की तलाश तेज
जसपाल नेगी
श्रीनगर गढ़वाल : संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए कोतवाली श्रीनगर में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 21 मार्च को श्रीनगर क्षेत्र स्थित अंबेडकर पार्क में अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की घटना सामने आई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए मु0अ0सं0-18/2026 के तहत धारा 196(1)(b) व 298 बीएनएस में अभियोग पंजीकृत कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर गोपनीय पूछताछ भी जारी है। वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश देते हुए उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
जनसहयोग की अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से जुड़ी कोई जानकारी, फोटो या वीडियो हो तो तुरंत साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। साथ ही अफवाहों और भ्रामक खबरों से दूर रहने की भी अपील की गई है।

