चमोली : किरुली की बेटी ने बढ़ाया मान, आंचल फर्स्वाण बनीं मिस इंडिया उत्तराखंड

Team PahadRaftar

किरुली की बेटी ने बढ़ाया मान, आंचल फर्स्वाण बनीं मिस इंडिया उत्तराखंड

देवभूमि की बेटी ने जीता ताज, अब मुंबई में दिखाएंगी उत्तराखंड का दम

पीपलकोटी के किरुली गांव की बेटी मुंबई में करेंगी उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व, क्षेत्र में खुशी की लहर

पीपलकोटी/देहरादून : उत्तराखंड के सीमांत जनपद चमोली की आंचल फर्स्वाण ने फेमिना मिस इंडिया उत्तराखंड 2026 का खिताब अपने नाम कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। अब वह मुंबई में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।

देहरादून के कैंट रोड स्थित सेंट्रियो मॉल के स्काई डेक में आयोजित ग्रैंड फिनाले में राज्य के विभिन्न जनपदों से आई 21 प्रतिभागियों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। फाइनल राउंड में आंचल फर्स्वाण ने अपनी शानदार रैंप वॉक, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व से निर्णायकों का दिल जीतते हुए ताज अपने नाम किया।

मूल रूप से चमोली जिले के बंड क्षेत्र अंतर्गत पीपलकोटी के किरुली गांव की निवासी आंचल का परिवार वर्तमान में देहरादून के रायपुर क्षेत्र में रहता है। वह वर्तमान में फिजियोथैरेपी की पढ़ाई कर रही हैं। उनके पिता रविन्द्र फर्स्वाण भारतीय सेना से सेवानिवृत्त सूबेदार हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। उनके दादा स्वर्गीय गजपाल फर्स्वाण भी सेना में सूबेदार रहे हैं।

अपनी इस सफलता का श्रेय आंचल ने अपने माता-पिता और परिवार को दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड और पहाड़ की बेटियों की है। आंचल ने यह साबित कर दिया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद पहाड़ की बेटियां भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।

आंचल के इस मुकाम तक पहुंचने पर उनके गांव किरुली और पूरे बंड क्षेत्र में खुशी की लहर है। लोगों को उम्मीद है कि वह मुंबई में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मिस इंडिया का ताज उत्तराखंड के नाम करेंगी।

सब-टाइटल विजेता इस प्रकार रहे:

  • मिस रैंप वॉक – दीपिका लखेड़ा
  • मिस ग्लोइंग स्किन – रचना रावत
  • मिस कॉन्जिनियल – सौम्या जोशी
  • मिस टैलेंटेड – वैष्णवी लोहानी
  • मिस ब्यूटीफुल स्माइल – खुशबू बेनीवाल
  • मिस ब्यूटीफुल आईज – प्रिंसिया चुफाल
  • मिस फोटोजेनिक – आंचल फर्स्वाण
  • मिस रेडिएंट पर्सनैलिटी – सिद्धि भट्ट

 

Next Post

विश्व जल दिवस : भग्यूंल गांव बना पर्यावरण संरक्षण की मिसाल, ग्रामीणों ने जल-जंगल-जमीन बचाने का लिया संकल्प

भग्यूंल गांव बना पर्यावरण संरक्षण की मिसाल, ग्रामीणों ने जल-जंगल-जमीन बचाने का लिया संकल्प विश्व जल दिवस पर सामूहिक जागरूकता की अनोखी पहल, वन पंचायत सशक्त करने को तैयार हुआ माइक्रो प्लान संजय कुंवर  ज्योतिर्मठ : विश्व जल दिवस के अवसर पर ज्योतिर्मठ ब्लॉक के भग्यूंल गांव में पर्यावरण संरक्षण […]

You May Like