सीमांत जोशीमठ में पल्स पोलियो अभियान शुरू, बच्चों को पिलाई गई ‘दो बूंद जिंदगी की’
संजय कुंवर जोशीमठ। राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के तहत रविवार को सीमांत जोशीमठ क्षेत्र में पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद जिंदगी की खुराक पिलाई गई। अभियान के पहले दिन नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में अभिभावकों ने उत्साह के साथ अपने नौनिहालों को पोलियो बूथों तक पहुंचाया।

जनपद चमोली में अभियान के तहत 616 पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जहां स्वास्थ्य विभाग की ओर से बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई जा रही है। जोशीमठ में सरकारी विद्यालयों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, महिला जिला अस्पताल सहित विभिन्न चिन्हित स्थानों पर पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं।
ब्लॉक आशा समन्वयक अनीता पंवार ने बताया कि अभियान के पहले दिन क्षेत्र में अच्छा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि जन्म से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाना जरूरी है, ताकि उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य कर्मियों और आशा कार्यकर्ताओं ने नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर संपर्क कर अभिभावकों को बच्चों को पोलियो बूथ तक लाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विद्यालय परिसरों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता पोस्टर भी लगाए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने सीमांत क्षेत्र के सभी अभिभावकों से अपील की है कि पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की दवा पहुंचाकर उन्हें आजीवन इस बीमारी से सुरक्षित रखना है।

