10 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्योतिर्मठ में सांकेतिक तालाबंदी, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
संजय कुंवर
ज्योतिर्मठ। चार माह से लंबित मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होने से नाराज ग्राम प्रधानों ने बुधवार को ज्योतिर्मठ ब्लॉक मुख्यालय पर सांकेतिक तालाबंदी कर दी। प्रदेश प्रधान संगठन के आह्वान पर हुए प्रदर्शन का नेतृत्व ब्लॉक अध्यक्ष मोहन बैंजवाल ने किया। विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधान और पंचायत प्रतिनिधि आंदोलन में शामिल हुए।

प्रधान संगठन के अनुसार, 10 सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार के स्तर पर लगातार वार्ता की गई, लेकिन अब तक मांगों पर ठोस निर्णय नहीं हुआ है। संगठन ने कहा कि लगातार आश्वासन मिलने के बावजूद कार्रवाई आगे नहीं बढ़ने पर सांकेतिक तालाबंदी करनी पड़ी।
प्रधानों ने मानदेय बढ़ाकर 20 हजार रुपये प्रतिमाह करने, वार्ड सदस्यों को मानदेय देने, पर्वतीय क्षेत्रों में मनरेगा की ऑफलाइन हाजिरी लागू करने और मजदूरी बढ़ाने की मांग उठाई। इसके साथ ग्राम प्रधान निधि का प्रावधान, 100 रुपये मासिक कर की बाध्यता समाप्त करने और पंचायतीराज अधिनियम के तहत 29 विभाग ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने की मांग की गई।
प्रधान संगठन ने प्रधानमंत्री आवास प्लस सर्वे में छूटे पात्र लाभार्थियों को शामिल करने तथा ग्राम प्रधानों के स्वास्थ्य और जीवन बीमा की मांग भी उठाई। संगठन ने चेताया कि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधान एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
