19 से 23 सितंबर तक होंगे धार्मिक, सांस्कृतिक और लोक कला के रंगारंग कार्यक्रम
लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। रुद्रप्रयाग जिले के प्रसिद्ध जागतोली दशज्यूला महोत्सव का इस वर्ष भव्य विस्तार किया गया है। अब तक तीन दिनों तक आयोजित होने वाला महोत्सव इस बार 19 से 23 सितंबर तक पांच दिवसीय होगा। रविवार को मेला स्थल जागतोली में आयोजित मेला समिति की बैठक में यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।

समिति के महासचिव कालिका काण्डपाल ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ ठैंकुणा मंदिर में पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ होगा। प्रथम दिवस क्षेत्र की मातृशक्ति हरियाली की टोकरी लेकर मंदिर पहुंचेगी, जबकि समापन पर मां के प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि दूसरे दिन बाल संस्कृति दिवस, तीसरे दिन महिला संस्कृति दिवस, चौथे दिन स्थानीय कलाकार एवं लोक संस्कृति दिवस और पांचवें दिन उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों, पुरस्कार वितरण तथा लकी ड्रॉ के साथ महोत्सव का समापन होगा।
महोत्सव में मां नंदा का जागरण, सांस्कृतिक संध्या, कवि सम्मेलन, संस्कृत विभाग की प्रस्तुतियां और प्रदेश के प्रसिद्ध लोक कलाकारों के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। आयोजन को भव्य बनाने के लिए विभिन्न संस्थानों से सहयोग लिया जाएगा तथा स्थानीय और बाहरी व्यापारियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
बैठक में मुख्यमंत्री, सांसद, मंत्री, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों को आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया। समिति अध्यक्ष जयवर्धन काण्डपाल ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को महोत्सव का निमंत्रण भेजा जा चुका है और उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति भी दी है।
बैठक में कुछ पदाधिकारियों के व्हाट्सएप के माध्यम से दिए गए त्यागपत्रों पर भी चर्चा हुई। समिति ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2024 में गठित वर्तमान कार्यकारिणी का पांच वर्ष का कार्यकाल यथावत रहेगा। संबंधित पदाधिकारियों से त्यागपत्रों पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर महोत्सव के बाद समिति के बायलॉज के अनुसार निर्णय लिया जाएगा।
समिति के संरक्षक लखपत सिंह भंडारी ने कहा कि दशज्यूला महोत्सव क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं का प्रतीक है। इसे सफल बनाने के लिए सभी लोगों को मिलकर कार्य करना होगा।
बैठक में लखपत सिंह भण्डारी, जयवर्धन काण्डपाल, कालिका काण्डपाल, पंकज सिंह, गजेंद्र सिंह, जसवंत सिंह, मधु देवी, आशा देवी, देवेंद्र सिंह, विजयपाल कठैत, राजेंद्र प्रसाद काण्डपाल, चरण सिंह, हरि प्रसाद काण्डपाल, दीपक सिंह रावत, धनपाल सिंह बासकण्डी, नरेंद्र प्रसाद मालवाल, विवेक काण्डपाल, वीरेंद्र सिंह बर्तवाल, नमिता काण्डपाल, मंजू देवी, जसदेई देवी, शकुंतला देवी, सुमन देवी, दीपा देवी, राखी देवी, कुसुम देवी, हेमा देवी, गीता देवी, अनुपमा देवी, चंपा देवी, ममता देवी, संगीता देवी, दलवीर नेगी, प्रभात सिंह बिष्ट, हरीश सिंह, आशीष पुरोहित, मुकेश काण्डपाल, नागेंद्र सिंह, कुशाल सिंह रावत, गंगा नेगी, आशुतोष पुरोहित, राजेंद्र सिंह बासकण्डी, भरत सिंह, देवेंद्र सिंह, सुमन पवार एवं संपत्ति देवी सहित समिति के अन्य सदस्य, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं मेला प्रेमी दशज्यूलावासी उपस्थित रहे।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय
महोत्सव पहली बार पांच दिनों तक आयोजित होगा।
हर दिन अलग-अलग थीम पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
प्रसिद्ध लोक कलाकारों को किया जाएगा आमंत्रित।
मुख्यमंत्री सहित जनप्रतिनिधियों को भेजे जाएंगे निमंत्रण।
वर्तमान कार्यकारिणी का कार्यकाल यथावत रखने पर सहमति।

