उत्तराखंड ग्रामीण बैंक मनसूना शाखा ने लाभार्थियों को सौंपे बीमा दावा राशि के चेक
लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की मनसूना शाखा ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत दो लाभार्थी परिवारों को दो-दो लाख रुपये की बीमा दावा राशि के चेक वितरित किए। बैंक परिसर में आयोजित कार्यक्रम में राऊंलैक निवासी श्रीमती शशि देवी और गैड़ निवासी नागेंद्र सिंह को बीमा सहायता प्रदान की गई।
इस मौके पर शाखा प्रबंधक रविंद्र सिंह राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना आम लोगों के लिए बेहद उपयोगी सामाजिक सुरक्षा योजना है। उन्होंने बताया कि मात्र 436 रुपये के वार्षिक प्रीमियम पर बीमाधारक की मृत्यु होने पर नामित व्यक्ति को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिलती है। उन्होंने क्षेत्र के सभी पात्र नागरिकों से योजना से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं कठिन समय में परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करती हैं।

राणा ने बताया कि उत्तराखंड ग्रामीण बैंक केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। बैंक समय-समय पर वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को बीमा, पेंशन और बचत योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध करा रहा है। उनका कहना था कि बैंक का उद्देश्य केवल बैंकिंग सेवाएं देना नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना भी है।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने समय पर बीमा दावा राशि उपलब्ध कराने पर बैंक की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस सहायता से दोनों परिवारों को कठिन समय में आर्थिक राहत मिली है। साथ ही अन्य लोगों से भी प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना समेत विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की गई।
