
रामणी में सुबह का खौफनाक मंजर, मेला मंच के पीछे फंदे पर मिले छात्र-छात्रा; हत्या या आत्महत्या की गुत्थी में उलझी पुलिस
नंदानगर। चमोली जिले के नंदानगर विकासखंड के रामणी गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब मेला मंच के पीछे रेलिंग से एक छात्र और छात्रा के शव लटके मिले। दोनों के शव एक साथ मिलने की सूचना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर नंदानगर थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी।
सुबह ग्रामीणों की नजर पड़ी तो मचा हड़कंप
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह कुछ ग्रामीण छानी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर मेला मंच के पीछे रेलिंग पर पड़ी, जहां युवक और युवती के शव लटके हुए थे। ग्रामीणों ने तत्काल ग्राम प्रधान और समीप की दुकान के संचालक को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
रातभर बारिश होने के कारण घटनास्थल पर रात में किसी की नजर नहीं पड़ी। सुबह घटना सामने आने के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे
मृतकों की पहचान रिया और सुनील के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों राजकीय इंटर कॉलेज बूरा में अध्ययनरत थे। रिया कक्षा 11 और सुनील कक्षा 12 में पढ़ता था।
दोनों के शव एक ही स्थान पर मिलने के बाद ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। प्रारंभिक तौर पर घटना को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखे जाने की बात सामने आ रही है, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
हत्या या आत्महत्या, पुलिस खंगाल रही हर पहलू
घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। दोनों वहां कब पहुंचे? उनके साथ कोई और था या नहीं? मौत से पहले उनके साथ क्या हुआ? क्या दोनों ने खुदकुशी की या मामला किसी अन्य घटनाक्रम से जुड़ा है? पुलिस इन सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस ने मामले में किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
