केदारनाथ पहुंचे राज्यपाल गुरमीत सिंह, श्रद्धालुओं से जाना यात्रा का हाल
लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ : शनिवार को पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा केदार के दर्शन कर पुनर्निर्माण कार्यों और यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से संवाद कर यात्रा संबंधी व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया।

राज्यपाल ने अत्यंत कम समय में बाबा के दर्शन किए, जिससे श्रद्धालुओं की दर्शन व्यवस्था प्रभावित नहीं हुई। उनके आगमन के दौरान श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए नहीं रोका गया और यात्रा व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती रही। इस पर उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों की सराहना की।
राज्यपाल ने विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं से मुलाकात कर यात्रा मार्ग, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता और दर्शन व्यवस्था को लेकर जानकारी ली। श्रद्धालुओं ने यात्रा व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।
उन्होंने कहा कि बाबा केदार के दर्शन आध्यात्मिक अनुभूति का विषय हैं और चारधाम यात्रा को सुचारू बनाने में प्रशासन, पुलिस, स्थानीय लोगों और सेवा से जुड़े सभी लोगों की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासनिक व्यवस्था नहीं बल्कि सेवा और समर्पण का अभियान है।

राज्यपाल ने श्रद्धालुओं से धाम और यात्रा मार्ग में स्वच्छता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि केदारनाथ धाम करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। इसकी पवित्रता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्थानीय उत्पादों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार वस्तुओं को खरीदने की भी अपील की, ताकि स्थानीय लोगों को आर्थिक लाभ मिल सके।
इस दौरान राज्यपाल ने धाम में चल रहे पुनर्निर्माण और विकास कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने राज्यपाल को यात्रा व्यवस्थाओं और पुनर्निर्माण कार्यों की जानकारी दी। मंदिर परिसर में तीर्थ पुरोहित समाज ने पारंपरिक विधि-विधान से राज्यपाल का स्वागत किया।
इस मौके पर श्री केदार सभा के महामंत्री राजेंद्र प्रसाद तिवारी, वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित उमेश चंद्र पोस्ती, विनीत पोस्ती, ब्लॉक प्रमुख पंकज शुक्ला, पुलिस अधीक्षक , यात्रा मजिस्ट्रेट कृष्णा त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

