ऊखीमठ : पीएचसी ऊखीमठ के उच्चीकरण को मातृशक्ति सड़कों पर

Team PahadRaftar

पीएचसी ऊखीमठ के उच्चीकरण को मातृशक्ति सड़कों पर

11वें दिन भी धरना जारी, मुख्य बाजार में प्रदर्शन; उक्रांद समेत विभिन्न संगठनों ने दिया समर्थन

लक्ष्मण नेगी 

ऊखीमठ। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ के उच्चीकरण की मांग को लेकर तहसील परिसर में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना गुरुवार को 11वें दिन भी जारी रहा। मांग पूरी न होने से आंदोलनकारियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को मातृशक्ति ने मुख्य बाजार में प्रदर्शन कर शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और शीघ्र शासनादेश जारी करने की मांग उठाई।

महिलाओं ने कहा कि ऊखीमठ तहसील के दुर्गम गांवों में स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है। गंभीर बीमारी या दुर्घटना की स्थिति में मरीजों को उपचार के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। पीएचसी का उच्चीकरण होने से क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

इधर, धरना स्थल पर आर्यन छात्र संगठन विद्यापीठ, उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि पहुंचे और आंदोलन को समर्थन दिया। संघर्ष समिति अध्यक्ष राजीव भट्ट और उक्रांद नेता आशुतोष भंडारी ने कहा कि पीएचसी के उच्चीकरण की मांग वर्षों पुरानी है। कई बार आश्वासन मिलने के बावजूद मांग पूरी नहीं हुई। अब शासनादेश जारी होने के बाद ही आंदोलन समाप्त किया जाएगा।

डॉ. राकेश भट्ट, सभासद प्रदीप धर्म्वाण और सरला रावत ने कहा कि क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था संसाधनों की कमी से प्रभावित है। आपात स्थिति में मरीजों को अन्यत्र रेफर करना पड़ता है। ऐसे में पीएचसी का उच्चीकरण क्षेत्र के लिए जरूरी है।

आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि शासनादेश जारी होने तक धरना जारी रहेगा। इस दौरान विनोद सिंह कुंवर, दिलवर सिंह बर्त्वाल, दलवीर सिंह रावत, दीवान सिंह बर्त्वाल, बलवंत रावत, महेंद्र सिंह रावत, बलवीर धर्म्वाण, प्रमोद नेगी, अधिवक्ता वीरेंद्र गोस्वामी, आनंद सिंह बजवाल समेत बड़ी संख्या में आंदोलनकारी और मातृशक्ति मौजूद रही।

Next Post

ऊखीमठ : मोहनखाल-चोपता मार्ग के लिए 41वें दिन भी गूंजा आंदोलन

तुंगनाथ-कार्तिक स्वामी तीर्थाटन को जोड़ेगा मोहनखाल-चोपता मार्ग 41वें दिन भी धरना जारी, रुद्रप्रयाग-चमोली में पर्यटन सर्किट विकसित करने की मांग लक्ष्मण नेगी, ऊखीमठ : मोहनखाल-किणझाणी-चोपता मोटर मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर मोहनखाल में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना गुरुवार को 41वें दिन भी जारी रहा। संघर्ष समिति ने कहा कि […]

You May Like