चमोली : गर्भगृह में विराजी मां नंदा की देवडोलियां, बड़ी जात यात्रा संपन्न

Team PahadRaftar

गर्भगृह में विराजी मां नंदा की देवडोलियां, बड़ी जात यात्रा संपन्न

कुरुड़ में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दशोली और बंड की नंदा डोलियों की प्रतिष्ठा, जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर

नंदानगर/ चमोली : मां नंदा की बड़ी जात यात्रा में शामिल दशोली और बंड की देवडोलियां गुरुवार को धार्मिक अनुष्ठान के बीच कुरुड़ स्थित नंदा सिद्धपीठ मंदिर के गर्भगृह में विराजमान हो गईं। देवडोलियों की प्रतिष्ठापना के साथ ही 5 सितंबर से शुरू हुई मां नंदा की बड़ी जात यात्रा का विधिवत समापन हो गया।

बुधवार को उच्च हिमालयी क्षेत्र से यात्रा पूरी कर दशोली और बंड की मां नंदा की डोलियां नंदा सिद्धपीठ कुरुड़ पहुंची थीं। गुरुवार को मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। पंडित मुंशी चंद्र गौड़ और दिनेश चंद्र गौड़ समेत ब्राह्मणों ने विधि-विधान से दशोली की नंदा की उत्सव डोली की मूर्तियों को गर्भगृह में प्रतिष्ठित कराया। इसके बाद बंड की नंदा की उत्सव डोली की भी पूजा-अर्चना के साथ प्रतिष्ठापना की गई।

देवडोलियों के गर्भगृह में विराजमान होते ही मंदिर परिसर मां नंदा के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने बड़ी जात यात्रा के सकुशल संपन्न होने को मां नंदा का आशीर्वाद बताया।

बड़ी जात समिति अध्यक्ष कर्नल हरेंद्र सिंह रावत और मंदिर समिति अध्यक्ष सुखवीर सिंह रौतेला ने यात्रा के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं और ग्रामीणों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग और आस्था से ही मां नंदा की बड़ी जात यात्रा सकुशल संपन्न हो सकी।

इस अवसर पर प्रधान हेमा गौड़, बीडीसी सदस्य देवेश्वरी गौड़ समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

You May Like