चमोली : फूलों की घाटी में पर्यटकों का उमड़ा सैलाब, 17 दिन में पहुंचे 3628 प्रकृति प्रेमी

Team PahadRaftar

संजय कुंवर चमोली : विश्व प्राकृतिक धरोहर का दर्जा प्राप्त फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान में इस वर्ष पर्यटकों की आमद ने नए रिकॉर्ड बनाने शुरू कर दिए हैं। एक जून को घाटी के कपाट खुलने के बाद मात्र 17 दिनों में 3628 पर्यटक यहां पहुंच चुके हैं। पिछले वर्ष की तुलना में यह संख्या लगभग दोगुनी है।

भ्यूंडार घाटी में स्थित विश्व प्रसिद्ध वैली ऑफ फ्लावर्स इन दिनों रंग-बिरंगे हिमालयी पुष्पों और मनमोहक प्राकृतिक सौंदर्य से सजी हुई है। सुहावने मौसम के बीच देश-विदेश से पहुंच रहे प्रकृति प्रेमी घाटी की अनुपम सुंदरता का आनंद ले रहे हैं।

वैली ऑफ फ्लावर्स की रेंज अधिकारी चेतना कांडपाल ने बताया कि एक जून से 17 जून तक 3610 भारतीय और 18 विदेशी पर्यटकों समेत कुल 3628 सैलानी घाटी का भ्रमण कर चुके हैं। इस दौरान पार्क को 6 लाख 4 हजार 150 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष इसी अवधि में 1961 भारतीय और 20 विदेशी पर्यटकों सहित कुल 1981 पर्यटक घाटी पहुंचे थे। तब पार्क को 3 लाख 83 हजार 950 रुपये का राजस्व मिला था। इस वर्ष पर्यटकों की संख्या के साथ-साथ आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

पीक सीजन को लेकर तैयारियां तेज

पार्क प्रशासन का मानना है कि जुलाई और अगस्त में घाटी अपने पूरे शबाब पर होगी। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के दुर्लभ फूल खिलने लगेंगे, जिससे पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसे देखते हुए पार्क प्रशासन ने व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने की तैयारी शुरू कर दी है।

विश्वभर में है अलग पहचान

यूनेस्को की विश्व प्राकृतिक धरोहर सूची में शामिल फूलों की घाटी अपनी समृद्ध पुष्प जैव विविधता, दुर्लभ वनस्पतियों और हिमालयी प्राकृतिक सौंदर्य के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। हर वर्ष हजारों पर्यटक और ट्रैकर्स यहां पहुंचकर प्रकृति के इस अद्भुत नंदन कानन का दीदार करते हैं। इस बार सीजन की शुरुआत से ही बढ़ी पर्यटक संख्या पर्यटन कारोबार के लिए भी शुभ संकेत मानी जा रही है।

Leave a Reply

You May Like