
कमेड़ा में हाईवे ट्रीटमेंट से लगा लंबा जाम, दूध-दही की सप्लाई भी प्रभावित
केएस असवाल गौचर। ऋषिकेश- बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कमेड़ा के पास चल रहा भूस्खलन ट्रीटमेंट कार्य यात्रियों के साथ-साथ जरूरी सेवा वाहनों के लिए भी परेशानी का कारण बन गया है। संकरी सड़क और एकतरफा यातायात व्यवस्था के चलते यहां घंटों जाम लग रहा है। मंगलवार को कई वाहन चार घंटे तक जाम में फंसे रहे।
कमेड़ा पेट्रोल पंप के समीप हाईवे का करीब एक किलोमीटर हिस्सा लंबे समय से धंसाव की जद में है। यहां कार्यदायी संस्था आरसीसी कंपनी सड़क के एक हिस्से पर ट्रीटमेंट कार्य कर रही है। इसके चलते दूसरे हिस्से से ही वाहनों की आवाजाही कराई जा रही है, लेकिन सड़क संकरी होने के कारण एक समय में एक ओर से ही वाहन निकल पा रहे हैं। इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं।
जाम का असर जरूरी सेवाओं पर भी पड़ रहा है। दुग्ध सेवा वाहन चालक विपिन आर्य ने बताया कि तीन घंटे तक जाम में फंसे रहने के कारण ग्राहकों तक समय पर दूध, दही और पनीर नहीं पहुंच पा रहा है। इसके चलते लगातार शिकायतें भी मिल रही हैं।
वहीं ऋषिकेश से दूध लेकर आ रहे वाहन चालक रवेंद्र पंवार ने बताया कि वह सुबह 10 बजे कमेड़ा पहुंचे थे, लेकिन जाम के चलते दोपहर डेढ़ बजे गौचर पहुंच सके।
गौचर चौकी प्रभारी ने बताया कि गौचर से कमेड़ा तक पुलिस प्रशासन लगातार जाम खुलवाने में जुटा है, ताकि तीर्थयात्रियों को किसी तरह की दिक्कत न हो।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यात्रा सीजन शुरू होने से पहले यदि ट्रीटमेंट कार्य पूरा कर लिया जाता तो यात्रियों और जरूरी सेवा वाहनों को इस परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।

