
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच एवरग्रीन के हाईस्कूल भवन का लोकार्पण
लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। एवरग्रीन एजुकेशनल सोसायटी हाईस्कूल ऊखीमठ के नव निर्मित माध्यमिक स्तर के भवन का लोकार्पण रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच हुआ। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली लोकगीत, लोकनृत्य, देशभक्ति और सामाजिक सरोकारों पर आधारित प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

समारोह में सीमान्त क्षेत्र अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष चंडी प्रसाद भट्ट विशिष्ट अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता नगर पंचायत ऊखीमठ की अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण ने की। अतिथियों ने विद्यालय प्रबंधन और विद्यार्थियों को नए भवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि शिक्षा समाज की प्रगति की आधारशिला है। पर्वतीय क्षेत्रों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। नए भवन से विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर माहौल मिलेगा और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे।

चंडी प्रसाद भट्ट ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पलायन की चुनौती को कम करने में सहायक हो सकती है। शिक्षण संस्थानों में आधुनिक सुविधाओं के साथ विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन और लोक संस्कृति के प्रति लगाव विकसित करना भी जरूरी है।
नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण ने कहा कि क्षेत्र में शिक्षण सुविधाओं का विस्तार बच्चों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
प्रबंधक राधा राणा और चेयरमैन योगेंद्र राणा ने अतिथियों का आभार जताया। संचालन वीपी बमोला ने किया। समारोह में मंदिर के प्रधान पुजारी बागेश लिंग, शिव लिंग, उद्योगपति खुशहाल नेगी, जिला पंचायत सदस्य सरोज राणा, क्षेत्र पंचायत सदस्य मनीष बगवाड़ी समेत जनप्रतिनिधि, अभिभावक, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।

