
गिरीश चंदोला थराली: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) थराली में बुधवार को एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए। अस्पताल की पहली मंजिल पर एक कुत्ता आराम फरमाता नजर आया। अस्पताल पहुंचे मरीजों और तीमारदारों ने जब यह नजारा देखा तो उन्होंने नाराजगी जताते हुए स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल उठाए।
सीएचसी थराली क्षेत्र के साथ ही देवाल और नारायणबगड़ विकासखंड के हजारों लोगों के लिए प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज यहां उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल के भीतर, वह भी पहली मंजिल तक कुत्ते का पहुंच जाना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पतालों में संक्रमण नियंत्रण और साफ-सफाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। इसके बावजूद अस्पताल परिसर में जानवरों की मौजूदगी व्यवस्थाओं की पोल खोल रही है। लोगों ने मांग की कि अस्पताल प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाए।
सूत्रों के अनुसार अस्पताल में देखा गया कुत्ता किसी कर्मचारी का बताया जा रहा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। यदि यह जानकारी सही है तो अस्पताल परिसर में कुत्ते के प्रवेश और उसकी मौजूदगी को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
सीएमओ ने दिए जांच के निर्देश
मुख्य चिकित्सा अधिकारी चमोली डॉ. अभिषेक गुप्ता ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच कराने की बात कही है। उन्होंने कहा कि अस्पताल के अंदर कुत्ता कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी जुटाई जाएगी। अस्पताल प्रबंधन से स्पष्टीकरण लिया जाएगा और यह भी पता लगाया जाएगा कि कुत्ता किसका है। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में किसी भी जानवर की मौजूदगी चिंता का विषय है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
