चमोली : कर्णप्रयाग हमले के चारों आरोपित गिरफ्तार, तीन को भेजा गया जेल

Team PahadRaftar

केएस असवाल कर्णप्रयाग : स्थानीय व्यापारियों पर धारदार हथियारों से हमला करने के मामले में चमोली पुलिस ने चारों निहंग यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेशी के बाद तीन आरोपितों को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया, जबकि चौथा आरोपित उपचाराधीन होने के कारण पुलिस निगरानी में रखा गया है।

पुलिस के अनुसार 16 जून को कर्णप्रयाग बाजार स्थित कृष्णा पैलेस होटल के समीप हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे कुछ निहंग यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों के बीच मामूली कहासुनी के बाद विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और चार निहंग यात्रियों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। घटना में एक व्यापारी समेत चार लोग घायल हो गए थे।

पीड़ित गजपाल सिंह की तहरीर पर कोतवाली कर्णप्रयाग में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल बैरियर लगाकर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था। चौथे आरोपित को बुधवार को कर्णप्रयाग चिकित्सालय से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तलवार भी बरामद कर ली गई।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चार तलवारें और दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपित पंजाब के मोहाली जिले के जसनप्रीत सिंह, अजय सिंह, सतविंदर सिंह और मनप्रीत सिंह हैं। इनमें मनप्रीत सिंह का उपचार चल रहा है।

कर्णप्रयाग में बढ़ाई गई सुरक्षा

घटना के बाद क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आईटीबीपी की एक कंपनी और पीएसी बल की तैनाती की गई है। पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा कर्णप्रयाग में कैंप कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस की ओर से लगातार पैदल गश्त भी की जा रही है।

ऑपरेशन प्रहार में तीन और लोगों पर कार्रवाई

इधर, ऑपरेशन प्रहार के तहत चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान कोतवाली चमोली पुलिस ने वाहन में हॉकी स्टिक मिलने और सार्वजनिक स्थान पर अभद्रता करने के आरोप में चंडीगढ़ निवासी परविंदर सिंह, परमवीर सिंह और जोधवीर सिंह के खिलाफ पुलिस एक्ट में चालानी कार्रवाई की। तीनों को भविष्य में शांति व्यवस्था भंग न करने की सख्त हिदायत दी गई।

एसपी चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था बिगाड़ने या आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : फूलों की घाटी में पर्यटकों का उमड़ा सैलाब, 17 दिन में पहुंचे 3628 प्रकृति प्रेमी

संजय कुंवर चमोली : विश्व प्राकृतिक धरोहर का दर्जा प्राप्त फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान में इस वर्ष पर्यटकों की आमद ने नए रिकॉर्ड बनाने शुरू कर दिए हैं। एक जून को घाटी के कपाट खुलने के बाद मात्र 17 दिनों में 3628 पर्यटक यहां पहुंच चुके हैं। पिछले वर्ष […]

You May Like