चमोली : डायट चमोली विशिष्ट व्यक्तित्वों को करेगा सम्मानित, व्याख्यानमाला से विद्यार्थियों को मिलेगी प्रेरणा

Team PahadRaftar

पद्मश्री कल्याण सिंह रावत को सम्मानित कर हुई पहल की शुरुआत, मैती आंदोलन को भावी पीढ़ी से जोड़ने का किया आह्वान

केएस असवाल गोपेश्वर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) चमोली की ओर से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित करने की नवाचारी पहल शुरू की गई है। संस्थान की ओर से कला, संगीत, समाजसेवा, सरकारी सेवा, विज्ञान, खेल समेत विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करने के साथ उनकी व्याख्यानमाला भी आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य उनके अनुभव और कृतित्व को विद्यालयों तक पहुंचाकर भावी पीढ़ी को प्रेरित करना है।

इसी कड़ी में डायट में आयोजित कार्यक्रम में मैती आंदोलन के प्रणेता पद्मश्री को सम्मानित किया गया। संस्थान के प्राचार्य आकाश सारस्वत ने उन्हें अंगवस्त्र, शॉल और पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान पद्मश्री कल्याण सिंह रावत ने अपने छात्र जीवन से लेकर अब तक की जीवन यात्रा और सामाजिक कार्यों के अनुभव साझा किए।

उन्होंने मैती कार्यक्रम की अवधारणा, उसके उद्देश्य और पर्यावरण संरक्षण में इसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने भावी पीढ़ी को भी मैती कार्यक्रम से जोड़ने और इसके व्यापक प्रचार-प्रसार की अपील की। साथ ही डायट प्राचार्य आकाश सारस्वत की इस नवाचारी पहल की सराहना की।

इन विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित करने की योजना

डायट की ओर से चंडी प्रसाद भट्ट, कल्याण सिंह रावत, किशन महिपाल, लखपत सिंह रावत, मुरली दीवान, नंदकिशोर हटवाल, विनोद रतूड़ी, नंदा सती, बसंती बिष्ट, पम्मी नवल, प्रो. मदन प्रसाद नगवाल, प्रो. आशुतोष सयाना, डा. राजेंद्र प्रसाद मैखुरी, दर्शन फर्स्वाण समेत अन्य विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित करने की योजना बनाई गई है।

संस्थान में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान इसके लिए दो सत्र निर्धारित किए गए हैं। इन सत्रों में विशिष्ट व्यक्तित्व अपने अनुभव और कार्यक्षेत्र से जुड़े विषयों पर व्याख्यान देंगे, ताकि प्रशिक्षु शिक्षक और शिक्षक-शिक्षिकाएं उनसे प्रेरणा लेकर उनके अनुभवों को विद्यालयों तक पहुंचा सकें।

इस अवसर पर डायट के वरिष्ठ संकाय सदस्य डा. राजेंद्र प्रसाद मैखुरी, वीरेंद्र सिंह कठैत, रविंद्र सिंह बर्त्वाल, योगेंद्र सिंह बर्त्वाल, डा. गजपाल राज, सुबोध कुमार डिमरी, गोपाल प्रसाद कपरुवाण समेत जनपद के विभिन्न विद्यालयों के 100 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाएं और डीएलएड प्रथम व तृतीय सेमेस्टर के प्रशिक्षु मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन संकाय सदस्य डा. कमलेश कुमार मिश्र ने किया।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : नारायणबगड़ में कुत्तों का आतंक, चार दिन स्कूल बंद, बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए लिया गया फैसला,

नारायणबगड़ में कुत्तों का आतंक, चार दिन स्कूल बंद, बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए लिया गया फैसला ऑनलाइन पढ़ाई रहेगी जारी; वन विभाग ने शुरू किया अभियान गिरीश चंदोला नारायणबगड़। क्षेत्र में आवारा और आक्रामक कुत्तों का आतंक बढ़ने से लोगों में दहशत है। कुत्तों के हमले की घटनाओं […]

You May Like