ऊखीमठ : भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग संपन्न, कार्यकर्ताओं को दी वैचारिक मजबूती की सीख

Team PahadRaftar

ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग : भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग संपन्न, कार्यकर्ताओं को दी वैचारिक मजबूती की सीख

बूथ स्तर तक संगठन मजबूती पर भाजपा का जोर

ऊखीमठ। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत जनपद रुद्रप्रयाग के चंद्रपुरी में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। प्रशिक्षण वर्ग का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को अंत्योदय, एकात्म मानववाद और संगठनात्मक मूल्यों के आधार पर वैचारिक रूप से सशक्त बनाना रहा, ताकि राष्ट्र सेवा का संकल्प समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

प्रशिक्षण वर्ग में प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार ने “कार्य विस्तार” विषय पर बोलते हुए कहा कि कार्य विस्तार का अर्थ केवल सदस्य संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि संगठन को बूथ स्तर से लेकर केंद्र स्तर तक मजबूत और सक्रिय बनाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, जिसमें अनुशासन, समर्पण और सुव्यवस्थित कार्यशैली के जरिए कार्यकर्ताओं को जनता और संगठन के बीच सेतु बनना होगा। उन्होंने सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका को अहम बताया।

इससे पूर्व पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने दीप प्रज्वलित कर प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ किया और भाजपा के इतिहास एवं विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उन्होंने “हमारा वैचारिक अधिष्ठान” विषय पर कहा कि एकात्म मानववाद और अंत्योदय का दर्शन ही पार्टी की विचारधारा का मूल आधार है, जो समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त करता है।

प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने “विचार परिवार” विषय पर अपने विचार रखते हुए राष्ट्र सेवा, सांस्कृतिक मूल्यों और भारतीय परिवार व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया। वहीं कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने “सरकार की गरीब कल्याण योजनाएं एवं संगठन की भूमिका” विषय पर कहा कि केंद्र और राज्य सरकार गरीबों के द्वार तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जिसमें कार्यकर्ताओं को सेतु की भूमिका निभानी होगी।

प्रशिक्षण वर्ग में विभिन्न विषयों पर प्रदेश मंत्री नलिन भट्ट, राज्य मंत्री रामचंद्र गौड़, प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कोस्तुभानंद जोशी, राज्य मंत्री बलवीर घुनियाल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रघुवीर बिष्ट और प्रदेश सहसंयोजक मीडिया विकास तिवारी ने भी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने की। उन्होंने सभी वक्ताओं और प्रशिक्षार्थियों का आभार जताते हुए प्रशिक्षण वर्ग के सफल आयोजन पर सभी को बधाई दी और समापन की घोषणा की।

इस दौरान जिला प्रभारी सतीश लखेड़ा, सह प्रभारी रघुवीर सिंह बिष्ट, वर्ग संयोजक विनोद देवशाली, वर्ग पालक अरुण चमोली, केदारनाथ विधायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठेत, राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

Next Post

पौड़ी : गैस नहीं मिलने पर भड़के उपभोक्ता, पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर लगाया जाम

गैस नहीं मिलने पर भड़के उपभोक्ता, पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर लगाया जाम एक माह से बाधित है गैस आपूर्ति तेज धूप में घंटों लाइन में लगे रहे उपभोक्ता जसपाल नेगी  पौड़ी : नए बस अड्डे में घरेलू गैस सिलेंडर नहीं मिलने से मंगलवार को उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। घंटों लाइन […]

You May Like