ज्योतिर्मठ : नृसिंह मंदिर में सीएम धामी की दीर्घायु के लिए हुआ स्वस्तिवाचन

Team PahadRaftar

बदरीनाथ-केदारनाथ धाम में भी विशेष पूजा-अर्चना, महाभिषेक व रुद्राभिषेक

संजय कुंवर ज्योतिर्मठ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर बुधवार को ज्योतिर्मठ स्थित भगवान नृसिंह मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान किए गए। संस्कृत महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने वैदिक मंत्रोच्चार और स्वस्तिवाचन कर मुख्यमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। साथ ही प्रदेश की सुख-शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की गई।

श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने बताया कि मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के साथ ही ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। नृसिंह मंदिर में भगवान का विधिवत पूजन कर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए।

संस्कृत विद्यालय के विद्यार्थियों के वैदिक मंत्रोच्चार और स्वस्तिवाचन से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। मंदिर के पुजारी सुशील डिमरी सहित श्रद्धालु भी कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी ने मुख्यमंत्री के दीर्घायु जीवन और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

ऋषि प्रसाद सती ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की धार्मिक परंपराओं में विशेष अवसरों पर जनकल्याण और प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए पूजा-अर्चना का विशेष महत्व है। इसी परंपरा के तहत मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर धामों में धार्मिक अनुष्ठान किए गए।

वहीं बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में विशेष पूजा-अर्चना, महाभिषेक और रुद्राभिषेक किए गए। भगवान बदरी विशाल और बाबा केदार से प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की गई।

Leave a Reply

You May Like